डोंगरगढ़- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नवगठित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की प्रथम बैठक रविवार को छुरिया में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सचिव जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण विष्णु लोधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नवगठित कार्यकारिणी केवल एक औपचारिक संरचना नहीं, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने का सशक्त माध्यम है।
विष्णु लोधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्व का गंभीरता से निर्वहन करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से किसानों, युवाओं एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन में एकजुटता, अनुशासन एवं समन्वय ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा सक्रिय रूप से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।





