Last Updated:
Bhilwara School Timing Change: भीलवाड़ा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकारी स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलते थे, जिससे बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी का सामना करना पड़ता था. अब एक पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे, जबकि दो पारी वाले स्कूल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे. इस बदलाव से बच्चों को लू से राहत मिलेगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
अब नहीं झेलनी पड़ेगी दोपहर की लू! भीलवाड़ा में सरकारी स्कूलों का टाइम बदला
भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले में इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की चेतावनी को देखते हुए राजस्थान सरकार ने भीलवाड़ा के सरकारी संस्थानों के समय में बड़ा बदलाव किया है. 1 अप्रैल से नई समय-सारिणी लागू होगी , जो 30 सितंबर तक प्रभावी रहेगी. इसके बाद 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय फिर से लागू कर दिया जाएगा.
जिले में बढ़ती गर्मी, लू के प्रकोप और दोपहर की तेज धूप से बच्चों, मरीजों और महिलाओं को राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. प्रशासन का कहना है कि यह कदम जनसुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
स्कूल का चेंज हुआ टाइम
भीलवाड़ा के सभी सरकारी स्कूलों के समय में इस बार बड़ा परिवर्तन किया गया है. पहले स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चल रहे थे, जिससे दोपहर में बच्चों को घर लौटते समय तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ता था. अब नई व्यवस्था के अनुसार एक पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे. वहीं दो पारी वाले स्कूल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे, जहां हर पारी 5 घंटे 30 मिनट की होगी. शिक्षा विभाग का मानना है कि इस बदलाव से विद्यार्थी दोपहर की चिलचिलाती धूप से बच सकेंगे और स्कूल समय भी व्यवस्थित रहेगा.
अस्पताल में ओपीडी का ये होगा टाइम
भीलवाड़ा के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी का समय भी बदल दिया गया है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के अनुसार अब भीलवाड़ा जिले के सभी अस्पतालों में ओपीडी सुबह 8 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगी. वहीं सरकारी अवकाश वाले दिनों में ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी. इमरजेंसी सेवाएं हमेशा की तरह 24 घंटे चालू रहेंगी, ताकि गर्मी और लू के चलते बढ़ने वाले मामलों में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके.
आंगनबाड़ी का ये रहेगा समय
भीलवाड़ा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी बदलकर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर दिया गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह बदलाव छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है. दिन की शुरुआत में तापमान कम रहता है, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों में आने-जाने में परेशानी नहीं होगी और पोषण व स्वास्थ्य सेवाएँ भी समय पर मिल सकेंगी.
गर्मी को लेकर साफ अलर्ट
भीलवाड़ा जिला प्रशासन और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस वर्ष तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है. अप्रैल से जून के बीच लू का प्रकोप बढ़ने की संभावना है. ऐसे में यह समय परिवर्तन बच्चों, मरीजों, स्कूल स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए राहत लेकर आएगा. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर की धूप से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के जरूरी उपाय अपनाएँ. सरकार के इस फैसले को भीलवाड़ा में व्यापक रूप से जनहितकारी और समयानुकूल कदम माना जा रहा है.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें





