₹30 हजार के बजट में गेमिंग का नया दौर, क्या है ड्यूल चिप टेक्नोलॉजी, कैसे बदल रहा आपका फोन


नई दिल्ली. भारत में स्मार्टफोन अब सिर्फ कॉल, सोशल मीडिया और वीडियो देखने तक सीमित नहीं हैं. मोबाइल गेमिंग तेजी से बड़ा बाजार बन रही है और इसी के साथ यूजर्स की उम्मीदें भी बदल रही हैं. अब गेमिंग के लिए सिर्फ तेज प्रोसेसर ही काफी नहीं माना जाता. लोग ऐसा फोन चाहते हैं जो लंबे समय तक गेम चलाने पर ज्यादा गर्म न हो, बैटरी जल्दी खत्म न हो और लगातार स्मूथ परफॉर्मेंस दे. मॉर्डोर इंटेलिजेंस (Mordor Intelligence) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का गेमिंग मार्केट 2026 में करीब 5 अरब डॉलर से बढ़कर 2031 तक लगभग 9.89 अरब डॉलर हो सकता है. इसमें मोबाइल गेमिंग की हिस्सेदारी करीब 80% है. यही वजह है कि स्मार्टफोन कंपनियां अब गेमिंग परफॉर्मेंस बेहतर करने के लिए नए हार्डवेयर कॉम्बिनेशन पर दांव लगा रही हैं.

आमतौर पर स्मार्टफोन में एक मुख्य प्रोसेसर होता है, जो ऐप्स चलाने से लेकर गेमिंग, कैमरा और बैकग्राउंड टास्क तक कई काम संभालता है. लंबे समय तक हैवी गेम खेलने पर प्रोसेसर पर ज्यादा दबाव पड़ता है. इससे फोन गर्म हो सकता है और गेम में लैग या फ्रेम ड्रॉप देखने को मिल सकता है. ड्यूल चिपसेट सेटअप में फोन में मुख्य प्रोसेसर के साथ एक दूसरी डेडिकेटेड चिप दी जाती है. मुख्य प्रोसेसर सामान्य कंप्यूटिंग और ऐप्स का काम संभालता है, जबकि दूसरी AI आधारित चिप विजुअल प्रोसेसिंग, फ्रेम रेट और ग्राफिक्स को बेहतर करने जैसे काम कर सकती है. इससे मुख्य प्रोसेसर पर दबाव कम करने और गेमिंग को ज्यादा स्थिर रखने में मदद मिल सकती है.

गेमिंग के साथ वीडियो देखने का अनुभव भी बेहतर

इस टेक्नोलॉजी का फायदा सिर्फ गेम खेलने वालों तक सीमित नहीं है. AI चिप वीडियो और स्पोर्ट्स कंटेंट को भी बेहतर बनाने में मदद कर सकती है. उदाहरण के लिए, AI की मदद से वीडियो के फ्रेम को एन्हांस किया जा सकता है, जिससे तेज मूवमेंट वाले सीन ज्यादा स्मूथ दिखाई दे सकते हैं. इसी तरह कम क्वालिटी वाले वीडियो को ज्यादा शार्प बनाने और HDR इफेक्ट को बेहतर करने जैसी प्रोसेसिंग भी की जा सकती है. यानी इसका इस्तेमाल गेमिंग के अलावा फिल्म, वेब सीरीज और लाइव स्पोर्ट्स देखने के दौरान भी किया जा सकता है.

26 अगस्त को आ रहा रियलमी पी4एस 5जी

इसी ट्रेंड के बीच रियलमी (Realme) अपनी पी4 सीरीज में रियलमी पी4एस 5जी (Realme P4s 5G) को 26 अगस्त को भारत में लॉन्च करने जा रही है. कंपनी इसे करीब 30,000 रुपये के सेगमेंट में गेमिंग और कंटेंट यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश कर रही है. फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7400 अल्ट्रा (MediaTek Dimensity 7400 Ultra) के साथ अलग हाइपर विजन प्लस एआई चिप (Hyper Vision+ AI Chip) दी गई है. इसके अलावा इसमें 144Hz सैमसंग 1.5K AMOLED डिस्प्ले, 3000Hz टच सैंपलिंग रेट, 8000mAh बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग मिलने की जानकारी दी गई है. फोन में 7000mm² एयरफ्लो VC कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है.

₹30 हजार के फोन में क्यों अहम है यह बदलाव

स्मार्टफोन बाजार में अब कंपनियों के बीच मुकाबला सिर्फ रैम, कैमरा और प्रोसेसर तक नहीं रह गया है. यूजर्स लंबे समय तक इस्तेमाल में बेहतर परफॉर्मेंस चाहते हैं. ड्यूल चिपसेट इसी जरूरत को पूरा करने की कोशिश है. अगर यह टेक्नोलॉजी बजट और मिड रेंज फोन में तेजी से पहुंचती है, तो आने वाले समय में 30,000 रुपये के आसपास के स्मार्टफोन में गेमिंग, वीडियो और AI फीचर्स के बीच अंतर कम हो सकता है. यानी ज्यादा कीमत वाले गेमिंग फोन में मिलने वाली कुछ टेक्नोलॉजी अब कम कीमत वाले फोन में भी देखने को मिल सकती है.



Source link

Nemish Agrawal
Nemish Agrawalhttps://tv1indianews.in
Tv Journalist • Editor • Writer Digital Creator • Photographer Travel Vlogger • Web-App Developer IT Cell • Social Worker

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img