कांग्रेस की रणनीतिक बैठक के बाद पार्टी नेता गौरव गोगोई ने कहा कि, पहले एसआईआर के द्वारा मोदी-शाह चुनते थे कि कौन वोट देगा और कौन नहीं, लेकिन अब परिसीमन से यह तय करेंगे कि कौन कहां वोट देगा और कहां नहीं? उन्होंने कहा कि मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना रखा है, ऐसे में ये परिसीमन से लोगों का क्या भला करेंगे?
गौरव गोगोई ने कहा कि वो दल जो एक ही दिन में 140 से ज्यादा सांसदों का निलंबन करवा देता है और फिर कानून लाकर मुख्य चुनाव आयुक्त को लीगल इम्युनिटी देता है- क्या वो सदन को अच्छे से चलाने की मंशा रखता है? उन्होंने कहा कि बीजेपी की मंशा संविधान बदलने की है, क्योंकि पहले वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके थे, इसलिए अब परिसीमन के जरिए संख्या बल बढ़ाकर संविधान बदलना चाहते हैं- यही इनका अंतिम लक्ष्य है लेकिन कांग्रेस पार्टी, अन्य दलों के साथ मिलकर इसके खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ेगी।




