Pondicherry Budget Trip Guide: पुड्डुचेरी का नाम सुनते ही दिमाग में साफ नीला समंदर, रंग-बिरंगी गलियां और सुकून भरी हवा की तस्वीर उभरती है. दिल्ली की भागदौड़ से दूर, यह छोटा सा तटीय शहर उन लोगों के लिए किसी राहत से कम नहीं, जो भीड़ से हटकर कुछ अलग तलाश रहे हैं. खास बात यह है कि यहां जाने के लिए आपको बहुत बड़ा बजट भी नहीं चाहिए. 8 से 15 हजार रुपये के बीच आप एक बढ़िया ट्रिप प्लान कर सकते हैं, जो जेब पर भारी भी नहीं पड़ेगा और अनुभव में भी कमी नहीं छोड़ेगा.
अगर आपने कभी सोचा है कि भारत में रहते हुए यूरोप जैसा एहसास कैसा होता है, तो पुड्डुचेरी उसका सीधा जवाब है. फ्रेंच संस्कृति की झलक, समुद्र किनारे सुकून और छोटे-छोटे कैफे यह सब मिलकर इसे खास बनाते हैं. यही वजह है कि हाल के वर्षों में यह जगह ट्रैवल लिस्ट में तेजी से ऊपर आई है.
क्यों खास हैं पुड्डुचेरी के बीच?
पुड्डुचेरी के समुद्र तटों की सबसे बड़ी खासियत है उनकी शांति. जहां गोवा जैसे लोकप्रिय बीच अक्सर भीड़ से भरे रहते हैं, वहीं यहां का माहौल थोड़ा धीमा, शांत और व्यवस्थित है. सुबह-सुबह टहलते लोग, शाम को समंदर के किनारे बैठकर बातें करते कपल्स यहां का माहौल खुद ही कहानी कहता है.
रॉक बीच, जिसे प्रोमेनेड बीच भी कहा जाता है, शाम के समय खास आकर्षण बन जाता है. यहां वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाती है, जिससे लोग बिना किसी शोर-शराबे के समुद्र किनारे टहल सकते हैं. यह छोटी-सी व्यवस्था पूरे अनुभव को बदल देती है.
एडवेंचर और सुकून का मेल
अगर आप सिर्फ बैठकर लहरें देखने वालों में नहीं हैं, तो यहां आपके लिए भी काफी कुछ है. सेरेनिटी बीच सर्फिंग के लिए जाना जाता है. यहां कई सर्फ स्कूल भी हैं, जहां शुरुआती लोग आसानी से सीख सकते हैं.
पैराडाइज बीच तक पहुंचने का अनुभव भी अलग है नाव से जाना पड़ता है, और सफर के दौरान जो नजारे मिलते हैं, वो याद रह जाते हैं. सफेद रेत और साफ पानी इसे नाम के मुताबिक ‘पैराडाइज’ बना देते हैं.
फ्रेंच क्वार्टर की गलियों में एक अलग दुनिया
पुड्डुचेरी का व्हाइट टाउन या फ्रेंच क्वार्टर शहर का दिल है. यहां चलते हुए आपको लगेगा जैसे आप किसी यूरोपीय शहर में घूम रहे हैं. पीले, नीले और सफेद रंग के घर, छोटी बालकनियां और दरवाजों पर लगे फूल हर चीज में एक अलग ही आकर्षण है.
यहां के कैफे भी खास हैं. सुबह की कॉफी के साथ फ्रेंच पेस्ट्री का स्वाद लेना या शाम को हल्की रोशनी में बैठकर बातचीत करना ये छोटे-छोटे पल ही इस जगह को यादगार बनाते हैं.
ऑरोविले: शांति की तलाश में
अगर आप थोड़ा आध्यात्मिक अनुभव चाहते हैं, तो ऑरोविले जरूर जाएं. मातृमंदिर यहां का मुख्य आकर्षण है, जहां लोग ध्यान और शांति के लिए आते हैं. यह जगह भीड़ से दूर, मन को शांत करने का मौका देती है.
दिल्ली से पुड्डुचेरी: कितना खर्च?
यात्रा का खर्च आपके ट्रैवल स्टाइल पर निर्भर करता है. अगर आप बजट ट्रैवलर हैं और ट्रेन के साथ हॉस्टल या होमस्टे चुनते हैं, तो 8 से 10 हजार रुपये में 3-4 दिन आराम से निकल सकते हैं. यहां आपको रहना और खाना और जगह के अपेक्षा थोड़ा महंगा लग सकता है. नॉर्मल नॉन AC रूम्स आपको 1500 से 2000 के बीच मिलते हैं वहीं AC रूम की कॉस्ट 3500 से स्टार्ट है.
मीडियम बजट वाले लोग फ्लाइट और होटल के साथ 15 से 20 हजार रुपये खर्च कर सकते हैं. वहीं, लग्जरी ट्रिप के लिए यह बजट 25 से 30 हजार प्रति व्यक्ति से ऊपर भी जा सकता है.
एक आसान और किफायती तरीका यह है कि आप पहले चेन्नई तक फ्लाइट लें और वहां से बस या कैब के जरिए पुड्डुचेरी पहुंच जाएं. इससे समय भी बचता है और खर्च भी संतुलित रहता है.
खाने के शौकीनों के लिए जन्नत
पुड्डुचेरी सिर्फ घूमने के लिए ही नहीं, बल्कि खाने के लिए भी मशहूर है. यहां का सीफूड बेहद ताजा और स्वादिष्ट होता है. इसके अलावा फ्रेंच और क्रेओल डिशेज का स्वाद भी यहां आसानी से मिल जाता है. छोटे कैफे में बैठकर क्रोइसां और कॉफी का कॉम्बिनेशन आजकल युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका है.
कब जाएं?
अक्टूबर से मार्च के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और समुद्र का अनुभव भी बेहतर होता है.





