वाशिंगटन: दुनिया के सबसे ज्यादा पहचाने जाने वाले झंडों में से एक अमेरिका का झंडा है. इसे देखते ही ज्यादातर लोग पहचान लेते हैं. इसकी पहचान है इसके ऊपर बने 50 तारे और 13 लाल-सफेद पट्टियां. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह झंडा हमेशा से 50 तारों वाला नहीं था? और न ही इसकी 13 लाल-सफेद धारियाँ सिर्फ खूबसूरती के लिए हैं. यह झंडा अमेरिका की पूरी कहानी बयां करता है. यह कहानी है आजादी की लड़ाई की. 13 छोटी कॉलोनियों का एक राष्ट्र बनना, और फिर 50 राज्यों तक का सफर.
झंडे में छुपा है पूरा अमेरिका
अमेरिकी झंडे को ‘तारे और पट्टियां’ या ‘Old Glory’ कहा जाता है. इसमें तीन मुख्य तत्व हैं. 13 लाल और सफेद धारियां. ऊपर बाईं तरफ नीला आयत,जिसे canton कहते हैं. उस नीले आयत में 50 सफेद तारे
इनका मतलब क्या है?
- 13 धारियां मतलब अमेरिका की मूल 13 ब्रिटिश कॉलोनियां.
- 50 तारे मतलब आज अमेरिका के 50 राज्य.
- लाल रंग बहादुरी, बलिदान और आजादी की लड़ाई में बहे खून की पहचान है.
- सफेद रंग पवित्रता, निर्दोषता और शांति का प्रतीक है.
- नीला रंग न्याय, दृढ़ता और सतर्कता का प्रतीक है.
झंडे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि धारियां कभी नहीं बदलतीं, क्योंकि ये उन 13 मूल कॉलोनियों का प्रतीक हैं जिन्होंने 1776 में ब्रिटेन के खिलाफ विद्रोह किया था.
विद्रोह करने वाली कॉलोनियां कौन-कौन सी थीं?
1776 में अमेरिका आजाद होने से पहले 13 ब्रिटिश कॉलोनियाँ थीं. ये कॉलोनियां ही बाद में पहले 13 राज्य बनीं. ये न्यू हैम्पशायर, मैसाचुसेट्स, रोड आइलैंड, कनेक्टिकट, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, पेंसिल्वेनिया, डेलावेयर, मैरीलैंड, वर्जीनिया, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना और जॉर्जिया थीं. इन्हीं 13 कॉलोनियों की याद में झंडे में 13 धारियाँ रखी गईं.
झंडा कब बना और इसमें क्या बदलाव हुआ?
14 जून 1777 को अमेरिकी कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से झंडे को अपनाया. शुरुआती डिजाइन फ्रांसिस हॉपकिंसन ने दिया था. लेकिन इससे पहले भी एक झंडा इस्तेमाल होता था- Grand Union Flag. इसमें भी 13 लाल-सफेद धारियां थीं, लेकिन ऊपर ब्रिटिश यूनियन जैक यानी ब्रिटेन का झंडा लगा हुआ था. यह 1775-1777 तक इस्तेमाल हुआ. जब अमेरिका पूरी तरह आजाद हुआ, तो ब्रिटिश प्रतीक हटाकर तारे लगा दिए गए.
तारों की संख्या कैसे बढ़ी?
शुरुआत में झंडे में सिर्फ 13 तारे थे. लेकिन जैसे-जैसे नए राज्य जुड़ते गए, तारों की संख्या भी बढ़ती गई:
- 1777 में 13 तारे
- 1795 में 15 तारे (Vermont और Kentucky जुड़े)
- 1818 में 20 तारे
- 1912 में 48 तारे (New Mexico और Arizona के बाद)
- 1960 में 50 तारे (Alaska 1959 में और Hawaii 1959 में राज्य बने)
क्या नए राज्य बनने पर सितारे बढ़ेंगे?
1960 के बाद से अमेरिका का झंडा 50 तारों वाला ही चल रहा है. दिलचस्प बात यह है कि यह सबसे लंबे समय तक चलने वाला डिजाइन है. सवाल है कि अगर कोई नया राज्य बनता है तो क्या इसके सितारों की संख्या बढ़ेगी? इसका जवाब है हां. अगर भविष्य में अमेरिका में 51वां राज्य बनता है, तो झंडे में 51 तारे हो जाएंगे. नया डिजाइन बनाया जाएगा और कांग्रेस की मंजूरी के बाद नया झंडा आधिकारिक हो जाएगा. हालांकि, धारियां हमेशा 13 ही रहेंगी, क्योंकि ये अमेरिका की जड़ों का प्रतीक हैं.
अमेरिकी झंडे से जुड़ी खास बातें
अमेरिकी झंडा चांद पर भी गया है. अपोलो मिशनों में अंतरिक्ष यात्री इसे चांद पर फहरा चुके हैं. अमेरिका में झंडे को लेकर सख्त नियम हैं (Flag Code). इसे उल्टा नहीं लटकाया जा सकता, रात में रोशनी के बिना नहीं रखा जा सकता, और पुराना झंडा जलाकर ही नष्ट किया जाता है. झंडे का डिजाइन जानबूझकर सरल रखा गया था, ताकि दूर से भी आसानी से पहचाना जा सके.




