स्मार्टफोन ब्रांड पोको आज (17 मार्च)भारत में अपनी नई पोको X8 प्रो सीरीज़ लॉन्च करने के लिए तैयार है. लॉन्चिंग शाम 5.30 बजे होगी. आने वाली सीरीज़ में दो मॉडल शामिल होंगे -पोको X8 प्रो और पोको X8 प्रो मैक्स. लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इन दोनों स्मार्टफोन्स के कई अहम फीचर्स कंफर्म कर दिए हैं, जिससे यूजर्स का इंतजार काफी बढ़ गया है.
सबसे बड़ी खासियत इन फोन की बैटरी है. पोको X8 प्रो में 6,500mAh की बैटरी मिलेगी, जबकि X8 प्रो मैक्स में 8,500mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी. दोनों स्मार्टफोन्स में 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा, जिससे फोन कुछ ही मिनटों में काफी चार्ज हो सकता है. बड़ी बैटरी के कारण ये फोन लंबे समय तक गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं.
डिस्प्ले की बात करें तो पोको X8 प्रो में 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलेगा, जो 1.5K रेजोलूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा. वहीं X8 प्रो मैक्स में 6.83 इंच का बड़ा AMOLED डिस्प्ले दिया जाएगा. दोनों ही फोन में 3,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलने की उम्मीद है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन आसानी से देखी जा सकेगी.
परफॉर्मेंस के लिए पोको X8 प्रो में मीडियाटेक डायमेंसिटी 8500 Ultra प्रोसेसर दिया जाएगा, जबकि X8 प्रो मैक्स में मीडियाटेक डायमेंसिटी 9500s चिपसेट मिलेगा. ये दोनों प्रोसेसर हाई परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं और गेमिंग के साथ-साथ हैवी ऐप्स को भी आसानी से संभाल सकते हैं.
कैमरा भी पावरफुल होगा
कैमरा सेक्शन की बात करें तो पोको X8 प्रो में 50MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की संभावना है. वहीं X8 प्रो मैक्स में 50MP Light Fusion 600 कैमरा OIS के साथ दिया जाएगा, जिससे फोटो और वीडियो क्वालिटी बेहतर होगी. दोनों फोन में 20MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है, जो सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए अच्छा रहेगा.
इसके अलावा, दोनों स्मार्टफोन्स में IP66, IP68 और IP69K रेटिंग मिलेगी, जिससे ये पानी और धूल से सुरक्षित रहेंगे. कुल मिलाकर, पोको X8 प्रो सीरीज़ दमदार बैटरी, पावरफुल प्रोसेसर और प्रीमियम फीचर्स के साथ मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में एक मजबूत ऑप्शन बनकर सामने आ सकती है.





