सैमसंग जल्द ही अपना नया फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z Flip 8 लॉन्च करने जा रही है. कंपनी ने अभी तक फोन के बारे में ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है, लेकिन लॉन्च से पहले कई लीक्स सामने आ चुके हैं. माना जा रहा है कि नया Flip 8 पिछले साल आए Galaxy Z Flip 7 जैसा दिखेगा, लेकिन इसमें कुछ नए अपग्रेड भी देखने को मिल सकते हैं. अगर आप नया फोल्डेबल फोन खरीदने का सोच रहे हैं, तो यहां जानिए इसकी संभावित लॉन्च डेट, कीमत और फीचर्स.
सैमसंग ने कंफर्म कर दिया है कि उसका Galaxy Unpacked Event 22 जुलाई को लंदन में आयोजित होगा. भारतीय समय के अनुसार यह इवेंट शाम 6:30 बजे शुरू होगा. इसी इवेंट में Galaxy Z Flip 8 के साथ Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और नई Galaxy Watch 9 सीरीज भी लॉन्च हो सकती है.
सैमसंग Galaxy Z Flip 8 की संभावित कीमत
कंपनी ने अभी कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन लीक्स के मुताबिक यूरोप में इसकी शुरुआती कीमत EUR 1,299 (करीब 1.41 लाख रुपये) हो सकती है. वहीं 512GB स्टोरेज वाला मॉडल EUR 1,499 (करीब 1.60 लाख रुपये) में आ सकता है.
तुलना करें तो Galaxy Z Flip 7 को भारत में 1,09,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था. ऐसे में उम्मीद है कि Flip 8 की कीमत भी प्रीमियम रेंज में रहेगी.
सैमसंग Galaxy Z Flip 8 के संभावित फीचर्स
बड़ी और बेहतर डिस्प्ले- लीक्स के मुताबिक फोन में 6.9 इंच की फोल्डेबल AMOLED डिस्प्ले मिल सकती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 2,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस के साथ आएगी. बाहर की तरफ 4.1 इंच की कवर स्क्रीन मिलने की भी उम्मीद है, जिसमें इस बार 120Hz रिफ्रेश रेट दिया जा सकता है.
दमदार प्रोसेसर- Galaxy Z Flip 8 अलग-अलग देशों में अलग प्रोसेसर के साथ लॉन्च हो सकता है. अमेरिका और चीन में इसमें Snapdragon 8 Elite Gen 5 मिलने की उम्मीद है, जबकि भारत और यूरोप में 2nm Exynos 2600 चिपसेट दिया जा सकता है.
फोन में 12GB RAM स्टैंडर्ड मिलेगी, जबकि स्टोरेज के लिए 256GB और 512GB के विकल्प मिल सकते हैं. यह फोन Android 17 आधारित One UI 9 पर चल सकता है. साथ ही सैमसंग इसके लिए 7 साल तक Android और सिक्योरिटी अपडेट देने की घोषणा कर सकती है.
कैमरा और बैटरी- कैमरा सेटअप में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. फोन में 50MP का मेन कैमरा, 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है. बैटरी 4,300mAh की रहने की उम्मीद है, जिसके साथ 25W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा.
डिजाइन में क्या होगा नया?
लीक्स के मुताबिक Galaxy Z Flip 8 पहले से थोड़ा हल्का और पतला हो सकता है. फोन की मोटाई खुली हालत में 6.1mm और फोल्ड होने पर 13.2mm रहने की संभावना है. वहीं इसका वजन करीब 180 ग्राम हो सकता है, जो पिछले मॉडल से थोड़ा कम होगा.
क्या Galaxy Z Flip 8 का इंतजार करना चाहिए?
अगर आप फोल्डेबल फोन खरीदने की सोच रहे हैं और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी चाहते हैं, तो Galaxy Z Flip 8 आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसमें नया प्रोसेसर, बेहतर डिस्प्ले और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट मिलने की उम्मीद है. हालांकि कैमरा और बैटरी में बड़े बदलाव देखने को नहीं मिल सकते. अब सभी की नजर 22 जुलाई के सैमसंग Galaxy Unpacked इवेंट पर है, जहां फोन से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी सामने आ जाएगी.




