डोगरगढ़- विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत घुमका के मतदान दिवस पर छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी ने नगरवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि आज का मतदान केवल जनप्रतिनिधियों के चयन का अवसर नहीं, बल्कि घुमका के उज्ज्वल भविष्य, सुव्यवस्थित विकास, सामाजिक समरसता और जनहितकारी नगर निर्माण का संकल्प है। विष्णु लोधी ने कहा कि पिछले कई दिनों से कांग्रेस परिवार के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, महिलाओं, युवाओं तथा आम नागरिकों ने जिस उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया, उससे स्पष्ट है कि नगर पंचायत घुमका की जनता विकास, पारदर्शिता और जनसरोकारों की राजनीति के साथ खड़ी है।
विष्णु लोधी ने कहा कि कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती फूलमती वर्मा तथा सभी 15 वार्डों के कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रत्याशी जनता के बीच निरंतर उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को समझते रहे हैं। आज जनता के पास ऐसा अवसर है, जब वह एक मजबूत, जवाबदेह और जनसेवा के लिए समर्पित नगर नेतृत्व का चयन कर सकती है। विष्णु लोधी ने कहा कि घुमका की जनता ने हमेशा भाईचारे, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया है। यह चुनाव किसी व्यक्ति या दल का नहीं, बल्कि पूरे नगर की प्रगति, युवाओं के बेहतर भविष्य, महिलाओं के सम्मान, किसानों के हित और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का चुनाव है। विष्णु लोधी ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा नगर पंचायत घुमका में विकास, विश्वास और जनसहभागिता की मजबूत नींव रखने वोट करने की अपील की है ।
विष्णु लोधी ने विश्वास व्यक्त किया कि घुमका की जागरूक जनता लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करते हुए नगर में सुख, शांति, समृद्धि, स्वच्छ प्रशासन और सर्वांगीण विकास का नया अध्याय लिखेगी।
घुमका की जनता लिखेगी विकास, विश्वास और खुशहाली का नया इतिहास –( विष्णु लोधी)
Related articles




