Last Updated:
गर्मी के मौसम में मिलने वाला छोटा सा फल फालसा अपने अंदर कई बड़े स्वास्थ्य लाभ छुपाए होता है. आयुर्वेद में इसे एक औषधीय फल माना गया है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पाचन सुधारने, बुखार और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में भी राहत पहुंचाता है. सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर यह सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है.
वैसे प्रकृति ने हमें ऐसे अनेक फल, फूल, पेड़-पौधे और वनस्पतियां दी हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने और बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाती हैं. इन्हीं में से एक खास फल है फालसा, जो खासतौर पर गर्मियों के मौसम में मिलता है. तेज गर्मी के कारण होने वाली समस्याओं में फालसा बेहद लाभकारी माना जाता है. इसका सेवन शरीर को ठंडक देता है और ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है. आयुर्वेद में फालसा को एक महत्वपूर्ण औषधि के रूप में माना गया है, जिसका उपयोग कई तरह की बीमारियों के उपचार में किया जाता है.

पेट दर्द व दस्त की परेशानी होने पर अगर आप फालसे का सेवन करते हैं, तो यह पेट दर्द और दस्त को रोकने में मदद करता है. पेट दर्द के लिए आप भुनी हुई अजवायन के साथ फालसा का रस मिलाकर पीएं, इससे आपके पेट का दर्द छू मंतर हो जाएगा.

बुखार की समस्या में भी फालसा फायदेमंद माना जाता है. मौसम के बदलाव के कारण जब लोग बुखार से परेशान होते हैं, तो ऐसी स्थिति में भीमल या फालसा की छाल का काढ़ा बनाकर 10-15 मिली मात्रा में पीने से फीवर में राहत मिल सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

घाव को ठीक करने में भी फालसे का उपयोग किया जाता है. इसके पत्ते चोट के घाव और एक्जिमा को ठीक करने में मदद करते हैं. इसकी पत्तियों को पीसकर घाव वाली जगह पर लगाएं और कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें, कुछ ही मिनटों में इसका असर दिखना शुरू हो जाता है.

अर्थराइटिस के दर्द में भी फालसा फायदेमंद माना जाता है. आजकल यह समस्या उम्र देखकर नहीं आती और किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है. ऐसे में फालसा की जड़ की छाल का काढ़ा बनाकर 10-30 मिली मात्रा में सेवन करने से गठिया के दर्द में राहत मिल सकती है.

जोड़ों के दर्द में भी फालसा फायदेमंद माना जाता है. यह दर्द में राहत देने के साथ ही सूजन को कम करने में मदद करता है. इसके सेवन से गठिया के इलाज में भी काफी सहायक प्रभाव देखा जाता है. अगर आप जोड़ों के दर्द से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इस फल का सेवन जरूर करें.

अल्सर की समस्या में भी फालसा फायदेमंद माना जाता है. यदि लंबे समय से अल्सर के घाव से परेशान हैं, तो फालसा का इस तरह इस्तेमाल करने पर घाव जल्दी सूखने में मदद मिल सकती है. इसकी पत्तियों को पीसकर लेप करने या छोटी-सी पोटली बनाकर बांधने से अल्सर को सूखने में सहायक प्रभाव मिल सकता है.

जिला अस्पताल बाराबंकी के चिकित्सक डॉक्टर अमित वर्मा (एमडी मेडिसिन) ने बताया कि फालसा उत्तर भारत में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला एक औषधीय पेड़ है. इसके फल, पत्ते और छाल सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं. इसमें विटामिन A, C के साथ-साथ कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं. हालांकि, इसका सही तरीके से उपयोग करना बेहद जरूरी है.





