वनप्लस अपने अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन वनप्लस 16 पर काम कर रही है. हालांकि कंपनी ने अभी तक इस डिवाइस को लेकर कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया है, लेकिन हालिया लीक्स और रिपोर्ट्स में इसके कई अहम फीचर्स सामने आए हैं. माना जा रहा है कि वनप्लस 16 अपने पिछले मॉडल वनप्लस 15 के मुकाबले डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, बैटरी और कैमरा के मामले में बड़े अपग्रेड के साथ लॉन्च हो सकता है.
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक वनप्लस 16 में 6.78 इंच का 1.5K BOE डिस्प्ले दिया जा सकता है. सबसे खास बात ये है कि यह स्क्रीन 185Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकती है, जो मौजूदा फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की तुलना में काफी ज्यादा है.
इससे गेमिंग, स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने का एक्सपीरिएंस पहले से ज्यादा स्मूद हो सकता है. साथ ही बेहतर ब्राइटनेस और कलर आउटपुट मिलने की भी उम्मीद है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो वनप्लस 16 में क्वालकॉम का अगली पीढ़ी का स्नैपड्रैगन 8 Elite Gen 6 Pro प्रोसेसर देखने को मिल सकता है. यह चिपसेट बेहतर स्पीड, पावर एफिशिएंसी और AI परफॉर्मेंस देने में सक्षम हो सकता है. फोन में 16GB तक LPDDR6 RAM और 512GB तक UFS 4.1 स्टोरेज मिलने की संभावना है, जिससे मल्टीटास्किंग और हाई-एंड गेमिंग का अनुभव शानदार हो सकता है.
मिलेगी 9000mAh की बड़ी बैटरी
बैटरी के मामले में भी वनप्लस बड़ा बदलाव कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फ्लैगशिप स्मार्टफोन में 9,000mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है. इसके साथ 100W या 150W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. इतना ही नहीं, फोन में वायरलेस चार्जिंग और रिवर्स वायरलेस चार्जिंग फीचर भी मिल सकता है.
फोटोग्राफी के लिए वनप्लस 16 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है. इसमें 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा, 50MP का प्राइमरी सेंसर और 50MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल हो सकता है. 200MP टेलीफोटो कैमरा 3x ऑप्टिकल जूम के साथ बेहतर डिटेल और दूर की तस्वीरें कैप्चर करने में मदद कर सकता है.
सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 17 आधारित OxygenOS 17 पर चल सकता है. लॉन्च टाइमलाइन की बात करें तो वनप्लस 16 को 2026 की चौथी तिमाही में भारत में पेश किया जा सकता है. शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी कीमत लगभग 90,000 रुपये के आसपास हो सकती है, हालांकि असल कीमत लॉन्च के समय ही सामने आएगी.
अगर ये सभी लीक्स सही साबित होते हैं, तो वनप्लस 16 कंपनी का अब तक का सबसे पावरफुल और फीचर-लोडेड फ्लैगशिप स्मार्टफोन बन सकता है.




