तेल की बढ़ती कीमतों, आईटी शेयर में बिकवाली से शेयर बाजारों में गिरावट और रुपया भी लुढ़का


कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और आईटी कंपनियों के शेयर में भारी बिकवाली से सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी, वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख और होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार व्यवधान ने कारोबारियों के बीच निराशा को और बढ़ा दिया।

बीएसई सेंसेक्स 999.79 अंक या 1.29 प्रतिशत टूटकर 76,664.21 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,260.13 अंक या 1.62 प्रतिशत फिसलकर 76,403.87 अंक तक चला गया था। बीएसई पर कुल 2,905 शेयर में गिरावट आई जबकि 1,326 में बढ़त हुई और 158 अपरिवर्तित रहे। एनएसई निफ्टी 275.10 अंक या 1.14 प्रतिशत लुढ़ककर 23,897.95 अंक पर बंद हुआ।

बीते सप्ताह सेसेंक्स 1,829.33 अंक या 2.33 प्रतिशत गिरा और निफ्टी में 455.6 अंक या 1.87 प्रतिशत की कमजोरी हुई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘ भारतीय शेयर बाजारों ने लगातार तीसरे सत्र में गिरावट दर्ज रही। जोखिम से बचने की भावना ने निवेशकों के भरोसे को प्रभावित किया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आईटी क्षेत्र में लगातार कमजोरी ने बाजार पर दबाव बनाना जारी रखा।’’

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस का शेयर सबसे अधिक 7.09 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे।

ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.95 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट 0.91 प्रतिशत टूटा।

क्षेत्रवार बात करें तो बीएसई आईटी में 5.13 प्रतिशत, बीएसई फोकस्ड आईटी में 4.65 प्रतिशत, स्वास्थ्य देखभाल में 1.35 प्रतिशत, दूरसंचार में 1.33 प्रतिशत, रियल्टी में 1.30 प्रतिशत, सेवाओं में 1.17 प्रतिशत की गिरावट आई।

लेमन मार्केट्स डेस्क के विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘ भारतीय बाजारों में लगातार तीसरे सत्र में अपनी कमजोरी जारी रही। कमजोर वैश्विक संकेतों, आईटी कंपनियों के कमजोर नतीजों, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, महंगाई की चिंताओं और मुद्रा को लेकर दबाव ने समग्र धारणा को प्रभावित किया।’’

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,254.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img