Last Updated:
Air Conditioner Side Effects: एयर कंडीशनर गर्मी से राहत देने में बेहद असरदार होता है, लेकिन लंबे समय तक लगातार AC में रहना सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है. इससे स्किन ड्राई होना, सिरदर्द, सांस की परेशानी, जोड़ों में दर्द और शरीर की गर्मी सहने की क्षमता कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
ज्यादा AC में रहने से स्किन ड्राइनेस और सिरदर्द की समस्या हो सकती है.
Hidden Side Effects of AC: गर्मी बढ़ते ही ज्यादातर लोग राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर यानी AC का सहारा लेते हैं. घर, ऑफिस, कार और मॉल में भी लोग घंटों AC में रहते हैं. AC गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन लंबे समय तक लगातार ठंडी हवा में रहना शरीर पर कुछ नेगेटिव असर भी डाल सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार जरूरत से ज्यादा AC में रहने की आदत धीरे-धीरे शरीर की प्राकृतिक सहन क्षमता को प्रभावित कर सकती है. इसके साइड इफेक्ट जानना भी जरूरी है. इस बारे में दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर फिजीशियन डॉ. अनिल बंसल से जरूरी बातें जान लेते हैं.
स्किन में बढ़ सकती है ड्राइनेस
डॉक्टर बंसल ने बताया कि AC लगातार कमरे की नमी को कम करता रहता है. ऐसे में लंबे समय तक AC में रहने से स्किन ड्राई रूखी और बेजान महसूस हो सकती है. कई लोगों को होंठ फटना, आंखों में ड्राइनेस और गले में खराश जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं. अगर शरीर को पर्याप्त पानी न मिले, तो डिहाइड्रेशन की परेशानी भी बढ़ सकती है. यही वजह है कि एक्सपर्ट्स AC में रहने वाले लोगों को ज्यादा पानी पीने की सलाह देते हैं.
सिरदर्द और थकान की समस्या
बहुत ज्यादा ठंडे तापमान में लंबे समय तक रहने से कुछ लोगों को सिरदर्द और भारीपन महसूस हो सकता है. खासकर जब व्यक्ति बार-बार गर्म और ठंडे माहौल के बीच आता-जाता है, तो शरीर को तापमान के अनुसार एडजस्ट करने में दिक्कत होती है. इससे थकान, चिड़चिड़ापन और कमजोरी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं. कई बार खराब वेंटिलेशन वाला AC कमरा भी सिरदर्द की वजह बन जाता है.
सांस से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं ट्रिगर
अगर AC की सफाई समय पर न की जाए, तो उसमें धूल, बैक्टीरिया और फंगस जमा हो सकते हैं. ऐसे में लंबे समय तक उसी हवा में रहने से एलर्जी, छींक, खांसी और सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं. अस्थमा या एलर्जी वाले लोगों को इससे ज्यादा परेशानी हो सकती है. इसलिए AC के फिल्टर की नियमित सफाई और सर्विसिंग बेहद जरूरी मानी जाती है.
जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द
कई लोग शिकायत करते हैं कि लंबे समय तक AC में बैठने से शरीर अकड़ने लगता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार बहुत ठंडा तापमान मांसपेशियों और जोड़ों पर असर डाल सकता है. इससे गर्दन, पीठ और घुटनों में दर्द महसूस हो सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से जोड़ों की समस्या हो. लगातार ठंडी हवा में बैठना शरीर की मांसपेशियों को सख्त बना सकता है.
गर्मी सहने की क्षमता हो सकती है कम
हर समय AC में रहने से शरीर धीरे-धीरे प्राकृतिक गर्मी को सहने की क्षमता खो सकता है. यही कारण है कि कई लोगों को थोड़ी देर बाहर निकलते ही तेज गर्मी और बेचैनी महसूस होने लगती है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि शरीर को प्राकृतिक तापमान के साथ भी समय बिताने देना जरूरी है, ताकि उसकी सामान्य कार्यक्षमता बनी रहे.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





