Last Updated:
Pre Wedding Places Near Jamshedpur: जमशेदपुर से महज 15 किलोमीटर दूर स्थित सतनाला पॉइंट इन दिनों प्री-वेडिंग शूट के लिए कपल्स की पसंद बनता जा रहा है. कुछ ही दिनों में शादी का सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे में शादी से पहले कपल्स अपनी खूबसूरत यादों को कैमरे में कैद करने के लिए नए और खूबसूरत लोकेशन की तलाश करते हैं. शहर के आसपास अगर आप भी किसी ऐसी जगह की तलाश में हैं, जहां प्राकृतिक खूबसूरती के साथ शानदार बैकग्राउंड मिल जाए, तो सतनाला पॉइंट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
सतनाला पॉइंट पहुंचने के बाद यहां आपको करीब चार से पांच अलग-अलग तरह के खूबसूरत स्पॉट देखने को मिलेंगे. हर स्पॉट की अपनी अलग खूबसूरती है, जो प्री-वेडिंग फोटो और वीडियो को खास बना सकती है. खासकर इन दिनों यहां का नजारा बेहद आकर्षक नजर आ रहा है. ऊपर साफ सफेद और नीला आसमान, उसके नीचे हरे-भरे पहाड़ और आसपास फैली प्राकृतिक हरियाली इस जगह को किसी फिल्मी लोकेशन जैसा लुक देती है.
इस समय सतनाला पॉइंट की खूबसूरती में सबसे खास आकर्षण कास के सफेद फूल बने हुए हैं. पहाड़ और सड़क के आसपास बड़ी संख्या में खिले सफेद कास के फूल दूर से किसी सफेद चादर की तरह नजर आते हैं. इन्हीं फूलों के बीच कपल्स अलग-अलग पोज में फोटोशूट करा सकते हैं. सफेद फूल, हरे पहाड़ और नीले आसमान का कॉम्बिनेशन तस्वीरों में काफी शानदार दिखाई देता है.
प्री-वेडिंग शूट के लिए यहां कपल्स को कई तरह के बैकग्राउंड आसानी से मिल जाते हैं. कहीं पहाड़ों के बीच फोटो ली जा सकती है, तो कहीं कास के फूलों के बीच कपल्स रोमांटिक पोज दे सकते हैं. वहीं, खुले आसमान और प्राकृतिक हरियाली के बीच वीडियो शूट भी काफी खूबसूरत दिखाई देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यही वजह है कि शादी के सीजन से पहले यह जगह युवाओं और फोटोग्राफरों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है. अगर आप भी जमशेदपुर में रहते हैं और प्री-वेडिंग शूट के लिए शहर से बहुत दूर नहीं जाना चाहते हैं, तो सतनाला पॉइंट आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
यहां प्राकृतिक खूबसूरती के साथ कई फोटो फ्रेम तैयार मिल जाते हैं. खासकर कास के फूलों का यह मौसम कुछ समय के लिए ही रहता है, इसलिए इस दौरान यहां शूट कराने पर तस्वीरों में एक अलग और प्राकृतिक खूबसूरती देखने को मिलेगी.




