Last Updated:
Offbeat Places in Uttarakhand for Summer: चिलचिलाती गर्मी और मैदानों के तपते तापमान से अगर आप भी परेशान हैं, तो उत्तराखंड की हसीन वादियों में घूमने आ सकते हैं. देहरादून, मसूरी और टिहरी के आसपास कई ऐसी छिपी हुई और खूबसूरत जगहें हैं, जहां का खुशनुमा मौसम, ठंडी हवाएं और बहते झरने आपके दिल-दिमाग को सुकून से भर देंगे. चाहे आपको शांत वादियों में वक्त बिताना पसंद हो या एडवेंचर का शौक, ये ऑफबीट डेस्टिनेशंस आपके वीकेंड को यादगार बना देंगे. जानिए उत्तराखंड की इन जन्नत जैसी जगहों के बारे में, जहां पहुंचते ही आपको सुकून मिलेगा.
इन दिनों देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम काफी सुहावना बना हुआ है. हरी-भरी घाटियां, प्राकृतिक झरने और ठंडी हवा लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दे रही हैं. ऐसे में नेचर वॉक, ट्रैकिंग और एडवेंचर पसंद करने वाले लोगों के लिए यह समय घूमने के लिए एकदम सही है. देहरादून, मसूरी और टिहरी के आसपास कई ऐसी जगहें हैं जहां लोग सुकून और ठंडक का अनुभव करने पहुंच रहे हैं. आइए जानते हैं कौनसी है वो जगहें.

मसूरी के पास स्थित झड़ीपानी ट्रैक प्रकृति प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन जगह है. करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबा यह आसान ट्रैक घने देवदार और बांज के जंगलों से होकर गुजरता है. रास्ते में ठंडी हवा और पक्षियों की आवाज सफर को और भी खास बना देती है. ट्रैक के अंत में झड़ीपानी झरना मिलता है, जहां लोग पानी में पैर डालकर आराम करते हैं और पिकनिक का आनंद लेते हैं.

देहरादून के राजपुर इलाके में स्थित शिखर फॉल गर्मियों में लोगों की पसंदीदा जगह है. यहां पहुंचने के लिए छोटे-छोटे पत्थरों और उथले पानी से होकर ट्रैक करना पड़ता है, जो थोड़ा रोमांचक होता है. चारों तरफ पेड़ों की हरियाली होने के कारण यहां का तापमान शहर से काफी कम रहता है. लोग यहां ठंडे पानी में नहाते हैं, दोस्तों के साथ मैगी और चाय का मजा लेते हैं और आराम के पल बिताते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

देहरादून से मसूरी जाने वाला किमाड़ी रास्ता बेहद शांत और खूबसूरत माना जाता है. यह जगह घुमावदार सड़कों, घने जंगलों और शानदार व्यू पॉइंट्स के लिए जानी जाती है. शाम के समय यहां ड्राइव करना एक अलग ही अनुभव देता है. रास्ते में छोटे कैफे भी मिलते हैं जहां बैठकर लोग घाटी का नजारा देखते हैं और ठंडी हवा का आनंद लेते हैं. अगर आप शहर की भीड़भाड़ से दूर सनसेट का लुत्फ लेना चाहते हैं, तो किमाडी से बेहतर कोई जगह नहीं है.

देहरादून के पड़ोसी जनपद टिहरी गढ़वाल में स्थित कानाताल गर्मियों की तपिश से बचने के लिए एक ऑफबीट और बेहद शांत हिल स्टेशन है. यहां का मौसम सालभर ठंडा रहता है. कानाताल में आप ‘कौड़िया फॉरेस्ट’ में जंगल सफारी कर सकते हैं, सुरकंडा देवी मंदिर के दर्शन के लिए ट्रैक कर सकते हैं और कैंपिंग का मजा ले सकते हैं. सेब के बगीचों और बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों के दीदार के साथ यहां की सुबह और रातें बेहद जादुई होती हैं. यह जगह रिलैक्स करने के लिए एकदम सही है.

नाग टिब्बा ट्रैक एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह लगभग 9,915 फीट की ऊंचाई पर स्थित है. ट्रैक के दौरान घने जंगल और खूबसूरत घास के मैदान देखने को मिलते हैं. चोटी से हिमालय की चोटियों का नजारा बेहद शानदार होता है. यहां रात में कैंपिंग और स्टारगेजिंग का अनुभव सबसे खास माना जाता है.

मालदेवता अपनी नदी, हरियाली और पहाड़ियों के लिए जाना जाता है. गर्मियों में लोग यहां सोंग नदी के किनारे समय बिताने आते हैं. यहां परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक, नदी में पानी का आनंद और रिसॉर्ट में रुकने का विकल्प मिलता है. एडवेंचर पसंद लोगों के लिए यहां पैराग्लाइडिंग भी उपलब्ध है.

देहरादून के पास स्थित गुलरघाटी एक बेहद शांत और कम मशहूर जगह है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है. घने जंगलों और पहाड़ों के बीच बसी इस घाटी से होकर एक छोटी सी नदी गुजरती है. गर्मियों में यहां की शांति और हरियाली मन को मोह लेती है. भीड़भाड़ से दूर, प्रकृति की गोद में बैठकर किताब पढ़ने, मेडिटेशन करने या बस नदी की आवाज सुनने के लिए यह एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है. यहाँ आकर आपको ग्रामीण उत्तराखंड की असली झलक मिलेगी.





