राजनंदगांव: पुलिस को ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस हाईटेक सट्टा रैकेट के मुख्य आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सादिक खान है, जो पिछले करीब 2 सालों से “सांई ऐप” के जरिए सट्टा आईडी और पासवर्ड बनाकर बेचने का काम कर रहा था। आरोपी एक आईडी के बदले 5 से 10 हजार रुपये तक वसूलता था और तकनीकी समस्या ठीक करने के नाम पर भी अतिरिक्त पैसे लेता था।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और करीब 5 लाख 50 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई थी। मुख्य आरोपी सादिक खान फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





