अंबाला: गर्मियों के मौसम में बाजारों में फलों की बहार देखने को मिलती है और इनमें खरबूजा व तरबूज सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले फलों में शामिल हैं. दरअसल, रसदार, मीठा और पानी से भरपूर खरबूजा शरीर को ठंडक पहुंचाने, डिहाइड्रेशन से बचाने और दिनभर ताजगी बनाए रखने में मदद करता है. यही वजह है कि तेज गर्मी के दिनों में लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं. हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह फल जितना लाभकारी है, उतना ही कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है.
बता दें कि खरबूजे का ज्यादा सेवन व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अलावा कई ऐसी परिस्थितियां भी हैं, जिनमें खरबूजा खाने से व्यक्ति बीमार पड़ सकता है.
खरबूजा किसे नहीं खाना चाहिए
इस बारे में लोकल 18 को जानकारी देते हुए डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि खरबूजा प्राकृतिक रूप से शीतल और पौष्टिक फल है, लेकिन हर व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति और स्वास्थ्य स्थिति अलग होती है. ऐसे में कुछ लोगों को इसका सेवन सोच-समझकर करना चाहिए. विशेष रूप से जिन लोगों को डायबिटीज, पाचन संबंधी समस्याएं, एलर्जी या किडनी की बीमारी है, उन्हें सावधानी बरतने की जरूरत होती है.
उन्होंने कहा कि डायबिटीज के मरीजों के लिए खरबूजे का अधिक सेवन उचित नहीं माना जाता. इसमें प्राकृतिक शर्करा की मात्रा पाई जाती है, जो रक्त शर्करा के स्तर को प्रभावित कर सकती है. डॉ. मीनाक्षी शर्मा सलाह देती हैं कि मधुमेह के रोगी खरबूजा सीमित मात्रा में ही खाएं और डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार इसे अपने आहार में शामिल करें.
उन्होंने बताया कि जिन लोगों का पाचन तंत्र कमजोर होता है, उन्हें खरबूजा खाने के बाद गैस, पेट फूलना या अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासकर खाली पेट या अत्यधिक मात्रा में इसका सेवन करने से असुविधा बढ़ सकती है. ऐसे लोगों को कम मात्रा से शुरुआत करनी चाहिए और यदि परेशानी हो तो सेवन कम कर देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्तियों में खरबूजे से एलर्जी की समस्या भी देखी जाती है. इसे खाने के बाद गले में खुजली, होंठों में सूजन या त्वचा पर चकत्ते पड़ सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत इसका सेवन बंद कर देना चाहिए और चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.
उन्होंने बताया कि किडनी या लिवर संबंधी रोगों से पीड़ित लोगों को भी खरबूजा सीमित मात्रा में खाना चाहिए. इसमें पानी और पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है, जो कुछ गंभीर मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है. इसलिए ऐसे मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसका सेवन करना चाहिए.
क्या सर्दी-खांसी में नहीं खाना चाहिए खरबूजा
उन्होंने कहा कि आम धारणा है कि सर्दी-खांसी में खरबूजा नुकसान करता है, लेकिन इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. फिर भी यदि किसी व्यक्ति को इसे खाने के बाद गले में तकलीफ महसूस होती है, तो कुछ समय के लिए इससे परहेज करना बेहतर रहता है.
खरबूजा गर्मियों का एक बेहतरीन और पौष्टिक फल
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी शर्मा का कहना है कि स्वस्थ लोगों के लिए खरबूजा गर्मियों का एक बेहतरीन और पौष्टिक फल है. लेकिन यदि किसी को पहले से कोई बीमारी है, तो अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए. सही मात्रा और उचित सावधानी के साथ खाया गया खरबूजा गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक और ऊर्जा दोनों प्रदान करता है.
भोजन करने के तुरंत बाद न खाएं खरबूजा
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक मामला सामने आया था, जहां परिवार के सदस्यों ने पहले कुछ ऐसा भोजन किया था, जिसके बाद खरबूजे का सेवन करने पर उनकी सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ा. उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में साफ तौर पर बताया गया है कि शरीर की पाचन क्षमता के अनुसार ही भोजन करना चाहिए. इसलिए भोजन करने के तुरंत बाद खरबूजा खाने के बजाय कुछ समय बाद उसका सेवन करना बेहतर माना जाता है.





