Last Updated:
भारत में विकसित Varya AI लॉन्च हो गया है. ये AI टूल सिर्फ टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से वीडियो बनाने की सुविधा देता है. जानिए Varya AI क्या है, कैसे काम करता है, इसकी कीमत क्या है और इसे कैसे इस्तेमाल करें.
छात्रों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए आया नया AI टूल, जानिए Varya AI की खूबियां. फोटो: Varya AI
भारत AI के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसी दिशा में एक नया कदम है Varya AI. Avataar का बनाया गया ये नया AI मॉडल भारत में लॉन्च किया गया है. खास बात यह है कि Varya AI सिर्फ एक साधारण टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के आधार पर वीडियो तैयार कर सकता है. इस प्रोजेक्ट को IndiaAI Mission का भी समर्थन मिला है, जिसका मकसद देश में स्वदेशी AI तकनीकों को बढ़ावा देना है.
Varya AI को खास तौर पर भारतीय यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. कंपनी का दावा है कि ये मॉडल भारतीय त्योहारों, खान-पान, कपड़ों, स्थानीय संस्कृति और रोजमर्रा के माहौल को बेहतर तरीके से समझ सकता है. यही वजह है कि यह भारतीय संदर्भ वाले वीडियो बनाने में ज्यादा सक्षम माना जा रहा है.
Varya AI क्या है?
Varya एक AI बेस्ड वीडियो स्टोरी जनरेशन टूल है. यूजर सिर्फ अपना आइडिया लिखकर या जरूरत पड़ने पर कोई तस्वीर जोड़कर वीडियो बना सकते हैं. इसके बाद उसी वीडियो की अगली कड़ी भी बनाई जा सकती है, जिससे धीरे-धीरे पूरी वीडियो स्टोरी तैयार हो जाती है.
यह टूल छात्रों, शिक्षकों, छोटे व्यवसायों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए काफी काम का हो सकता है. इसका इस्तेमाल एजुकेशनल वीडियो, प्रोडक्ट प्रमोशन, जानकारी देने वाले वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए किया जा सकता है.
कैसे काम करता है Varya AI?
Varya AI की सबसे बड़ी खासियत इसकी Distilled Video Generation तकनीक है. आमतौर पर AI वीडियो मॉडल को वीडियो बनाने के लिए 50 से ज्यादा प्रोसेसिंग स्टेप्स की जरूरत पड़ती है. लेकिन Varya केवल 4 स्टेप्स में वीडियो तैयार कर सकता है. इससे वीडियो तेजी से बनता है और कम कंप्यूटिंग संसाधनों की जरूरत पड़ती है.
कंपनी के मुताबिक, Varya AI लगभग 48 पैसे प्रति सेकंड की लागत पर वीडियो बना सकता है. दावा किया गया है कि यह कई अंतरराष्ट्रीय AI वीडियो मॉडल्स की तुलना में काफी सस्ता और ज्यादा किफायती है.
कैसे करें इस्तेमाल?
Varya AI का इस्तेमाल करने के लिए यूजर varya.avataar.ai वेबसाइट पर जाकर साइन इन कर सकते हैं. इसके बाद टेक्स्ट प्रॉम्प्ट डालकर 5 सेकंड का वीडियो तैयार किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर उसी कहानी में नए सीन जोड़कर वीडियो को आगे बढ़ाया जा सकता है.
कम लागत, भारतीय संदर्भ की बेहतर समझ और आसान इस्तेमाल की वजह से Varya AI भारत के AI इकोसिस्टम में एक अहम कदम माना जा रहा है.
About the Author
Afreen Afaq has started her career with Network 18 as a Tech Journalist, and has more than six years experience in ‘Mobile-Technology’ beat. She is a high-performing professional with an established and proven …और पढ़ें




