Last Updated:
US Hormuz News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में एक गुप्त अभियान चलाया. 10 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल को ग्लोबल मार्केट में पहुंचाया गया. ट्रंप ने कहा कि 200 से ज्यादा कारोबारी जहाज सुरक्षित रूप से हॉर्मुज पार कर चुके हैं. इसके अलावा ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान पर और बड़े हमले करेगा.
डोनाल्ड ट्रंप.
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अजीबोगरीब दावा किया है. उन्होंने जो कहा उसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है. ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने पिछले महीने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में एक सीक्रेट मिलिट्री मिशन चलाया था, जिसकी मदद से 10 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाया गया. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘मैंने पिछले महीने अमेरिकी सेना को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों और कारोबारी जहाजों की मदद के लिए एक सीक्रेट मिशन का आदेश दिया था.’ उन्होंने दावा किया कि इस अभियान की वजह से 200 से ज्यादा कारोबारी जहाज सुरक्षित रूप से जलडमरूमध्य पार कर पाए.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी ऑपरेशन की वजह से वैश्विक तेल बाजार को राहत मिली. उन्होंने दावा किया, ‘हर रात लाखों बैरल तेल बाहर निकाला गया. अगर ऐसा नहीं होता तो तेल 85-90 डॉलर नहीं बल्कि 250 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता था.’ हालांकि ट्रंप के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
खुद ऊर्जा मंत्री भी हैरान
ट्रंप के दावे के बाद अमेरिकी कांग्रेस में सुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट से पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसे किसी ऑपरेशन की जानकारी है. राइट ने जवाब दिया, ‘मुझे इसकी जानकारी नहीं है.’ जब उनसे पूछा गया कि क्या इसका मतलब राष्ट्रपति गलत बोल रहे हैं, तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, मुझे नहीं लगता कि राष्ट्रपति झूठ बोल रहे हैं. मेरा मानना है कि वह ईरानी तेल को मार्केट में जाने से रोकने की अमेरिकी कोशिशों का जिक्र कर रहे हैं.’
‘होर्मुज पर अमेरिका का कंट्रोल’
ट्रंप ने अपने बयान में ईरान पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, ‘यह मिशन इसलिए सफल रहा क्योंकि हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का कंट्रोल है, ईरान का नहीं. उनकी सेना हार चुकी है और उनकी अर्थव्यवस्था खत्म हो चुकी है.’ होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण शिपिंग रूट में गिना जाता है. दुनिया के करीब पांचवें हिस्से का तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है.
ईरान को फिर दी सैन्य कार्रवाई की धमकी
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि अगर शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान पर और हमले करेगा. उन्होंने कहा, ‘हम उन पर हमला करेंगे, बहुत जोरदार हमला करेंगे.’ ट्रंप ने दावा किया कि ईरान पहले ही परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत हो चुका है, लेकिन अंतिम समझौते पर अभी हस्ताक्षर नहीं हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अब भी कूटनीतिक समाधान चाहता है. ‘हम ऐसा समझौता चाहते हैं जो वास्तव में काम करे.’
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें




