Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर प्रस्तावित हमला टाल दिया. उन्होंने कहा कि ईरान और कई पश्चिम एशियाई देशों की अपील तथा संभावित समझौते को देखते हुए फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकी गई है. मौजूदा संघर्ष में यह छठी बार है, जब ट्रंप ने पहले कड़ी धमकी दी और फिर आखिरी समय में पीछे हट गए.
डोनाल्ड ट्रंप.
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर बड़े हमले की धमकी देने के बाद आखिरी समय पर कदम पीछे खींच लिए हैं. ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला नहीं करेगा, क्योंकि तेहरान और पश्चिम एशिया के कई देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की है और एक संभावित समझौते की रूपरेखा बन गई है. यह पहली बार नहीं है. मौजूदा ईरान युद्ध के दौरान यह पांचवां मौका है, जब ट्रंप ने पहले बेहद आक्रामक चेतावनी दी, लेकिन अंतिम समय में हमला टाल दिया. इसी वजह से अमेरिका में ट्रंप के लिए TACO (Trump Always Chickens Out) शब्द भी चर्चा में आ गया है.
अब क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका पूरी सैन्य ताकत के साथ ईरान पर हमला करने के लिए तैयार था, लेकिन ईरान और अन्य पश्चिम एशियाई देशों के अनुरोध पर फिलहाल हमला रोकने का फैसला लिया गया है. उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत पूरी तरह खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक शामिल है. ट्रंप ने यह भी कहा कि इजरायल भी इस फैसले में उनके साथ है.
पहले भी 5 बार यू-टर्न ले चुके हैं ट्रंप
मौजूदा संघर्ष में ट्रंप कई बार इसी तरह आक्रामक बयान देकर बाद में पीछे हट चुके हैं.
- 21 मार्च: ट्रंप ने धमकी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला तो उसके बिजली संयंत्र तबाह कर दिए जाएंगे. बाद में उन्होंने समयसीमा पहले पांच दिन और फिर एक सप्ताह बढ़ा दी.
- 1 अप्रैल: ट्रंप ने कहा कि ईरान नहीं माना तो उसे ‘स्टोन एज’ में पहुंचा देंगे. लेकिन हमला नहीं हुआ.
- 7 अप्रैल: ट्रंप ने चेतावनी दी कि ‘आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है.’ सभी को लग रहा था कि परमाणु हमला न कर दें. अगले ही दिन पाकिस्तान की मध्यस्थता से अस्थायी युद्धविराम हो गया.
- 4 मई: ट्रंप ने होर्मुज में फंसे जहाजों को निकालने के लिए ऑपरेशन ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ का ऐलान किया, लेकिन दो दिन बाद इसे भी रोक दिया.
- 11 जून: ईरान के तेल ठिकानों और खर्ग द्वीप पर हमला करने की धमकी देने के कुछ घंटे बाद ही ट्रंप ने बातचीत का हवाला देकर रुख बदल लिया.
- अब 2 अगस्त को भी उन्होंने एक और संभावित हमला टालने का ऐलान कर दिया.
क्यों पीछे हटे ट्रंप?
ट्रंप के मुताबिक, ईरान और कई पश्चिम एशियाई देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की. इससे पहले सऊदी अरब समेत कई क्षेत्रीय देशों ने भी अमेरिका से तनाव कम करने की मांग की थी. ट्रंप ने कहा कि अगर जल्द समझौता हो जाता है तो दुनिया और ईरान, दोनों के लिए यह बेहतर होगा. एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप से सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भी बातकी थी और हमला न करने को कहा था. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर बातचीत विफल रही तो अमेरिका फिर सैन्य विकल्प अपनाने से पीछे नहीं हटेगा.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ें




