डोंगरगढ़: जिले में आबकारी विभाग ने ग्राम कातलवाही में अवैध शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। देर शाम शुरू हुई कार्रवाई रात 11 बजे तक चली, जिसमें मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब और पैकिंग सामग्री की भारी मात्रा जब्त की गई।

प्रभारी सहायक आयुक्त अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में टीम ने बिना सर्च वारंट सूचना पर भिखारी निषाद के बाड़ी स्थित मकान पर दबिश दी। नाले किनारे अवैध भंडारण और शराब की हेराफेरी साफ पकड़ में आ गई।

तलाशी में कुल 243 लीटर अवैध व्हिस्की बरामद हुई—264 बोतल बॉम्बे व्हिस्की (750 एमएल) और 250 पाव गोवा व्हिस्की (180 एमएल)। साथ ही री-पैकिंग का पूरा सामान: 200 खाली बोतलें (एमपी लेबल), 500 खाली पाव (छत्तीसगढ़ लेबल), 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन।

यह संगठित री-पैकिंग और सप्लाई का खुला नेटवर्क था। मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत गैर-जमानती केस दर्ज, तलाश तेज।

डोंगरगढ़ क्षेत्र में पहले भी ऐसे कई मामले पकड़े गए, लेकिन मुख्य सरगना अब तक फरार। आबकारी विभाग सतर्क, आगे की कार्रवाई जारी।





