डोंगरगढ़ शहर में एक ही दिन में डॉग बाइट के तीन मामले सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार एक भूरे रंग के आवारा कुत्ते ने सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच एक घंटे के भीतर तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में दो नाबालिग और एक 19 वर्षीय युवक शामिल हैं। घटना शहर के नाकापारा क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और नगर प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की जा रही है। :प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय नाकापारा इलाके में घूम रहे एक भूरे रंग के कुत्ते ने अचानक राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने दो नाबालिग बच्चों और एक 19 वर्षीय युवक को काट लिया। घायलों को उपचार और एंटी-रेबीज इंजेक्शन के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक घंटे के भीतर तीन लोगों के घायल होने की घटना ने आस पास के क्षेत्र के लोगों को चिंतित कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। वही शहर में इस घटना के बाद लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है । फिलहाल क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
डोंगरगढ़ शहर में डॉग बाइट से दहशत का बना माहौल
Related articles




