Last Updated:
गर्मियों में लोग सफर के दौरान अपने साथ आम ले जाना खूब पसंद करते हैं, लेकिन फ्लाइट में फल ले जाने को लेकर कई नियम भी होते हैं. खासकर विदेश यात्रा में आम पैक करने से पहले जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं सबकुछ…
जैसे ही भारत में आम का सीजन शुरू होता है, एयरपोर्ट्स पर भी अलग ही रौनक देखने को मिलती है. कोई अपने परिवार के लिए दशहरी ले जा रहा होता है तो कोई दोस्तों के लिए अल्फांसो और केसर आम पैक करवाता नजर आता है. लेकिन फ्लाइट में आम ले जाना हर बार आसान नहीं होता. कई यात्री इस बात को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं कि आखिर कितने आम ले जा सकते हैं, हैंड बैगेज में रखना सही है या नहीं और विदेश ले जाते समय कौन-कौन से नियम लागू होते हैं.

यात्रियों को आमतौर पर फ्लाइट में आम ले जाने की अनुमति होती है, लेकिन यह नियम इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहां यात्रा कर रहे हैं. भारत के अंदर यात्रा करते समय आप आराम से कैरी कर सकते हैं. यहां ताजे फल प्रतिबंधित सामान की सूची में नहीं आते. लेकिन विदेश जाते समय नियम सख्त हो सकते हैं, क्योंकि कई देशों में ताजे फल ले जाने पर कस्टम और कृषि विभाग से जुड़े नियम लागू होते हैं.

एयरपोर्ट के नियमों के मुताबिक आम किसी खतरनाक या प्रतिबंधित सामान की श्रेणी में नहीं आता. यानी भारत के अंदर घरेलू उड़ान में यात्री आम आसानी से ले जा सकते हैं. बस ध्यान रहे कि जिस एयरलाइन से यात्रा कर रहे हैं, उसके सामान से जुड़े नियम अलग न हों.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विदेश यात्रा में आम ले जाते समय ज्यादा सावधानी रखनी पड़ती है. अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे कई देशों में फलों को लेकर सख्त नियम होते हैं. कई बार आम ले जाने से पहले उसका खास जांच और ट्रीटमेंट करवाना जरूरी होता है, ताकि उसमें कोई कीड़े या बैक्टीरिया न हों.

विदेशी आमों से लेकर भारत के मशहूर आमों तक, आजकल आम सिर्फ फल नहीं बल्कि गर्मियों की खास पसंद बन चुके हैं. लोग इन्हें बड़े शौक से खरीदते हैं और अपने दोस्तों-रिश्तेदारों को भी भेजते हैं.

विशेषज्ञों के मुताबिक आमों को बैग में खुला रखकर नहीं ले जाना चाहिए. उन्हें हमेशा मजबूत और अच्छी तरह बंद बॉक्स में पैक करें, ताकि सफर के दौरान आम दबकर खराब न हों. आमों को सुरक्षित रखने के लिए अंदर नरम पैकिंग भी करनी चाहिए. विदेश यात्रा में खरीदारी की रसीद या जरूरी कागज साथ रखना भी फायदेमंद रहता है.

विदेश जाने से पहले उस देश के आम और दूसरे फलों से जुड़े नियम जरूर देख लेने चाहिए, क्योंकि ये नियम समय-समय पर बदलते रहते हैं.





