वैश्विक बाजारों में गिरावट के बीच सेंसेक्स 898 अंक उछला, निफ्टी 25,800 के पार और सोना-चांदी धड़ाम


वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को जोरदार तेजी रही। बैंक शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सेंसेक्स 898 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी 25,800 अंक के पार बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़कर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,016.21 अंक यानी 1.22 प्रतिशत उछलकर 84,037.96 अंक पर पहुंच गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,800.60 अंक पर बंद हुआ।

इस महीने घरेलू शेयर बाजारों में लगातार मजबूती का रुझान देखा गया है। नवंबर में अब तक सेंसेक्स 9,460.18 अंक यानी 12.70 प्रतिशत और निफ्टी 2,747.5 अंक यानी 11.91 प्रतिशत चढ़ चुका है।

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने 2,327.26 अंक यानी 2.85 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी ने 656.3 अंक यानी 2.61 प्रतिशत की तेजी दर्ज की।

सेंसेक्स की कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में शुक्रवार को सर्वाधिक 3.08 प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक 3.02 प्रतिशत, मारुति 2.88 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.75 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.47 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 2.22 प्रतिशत चढ़ गया।

दूसरी ओर, टाइटन, टाटा स्टील, एनटीपीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “एशियाई बाजारों में प्रौद्योगिकी शेयरों में जारी भारी बिकवाली के बावजूद घरेलू बाजारों में तेजी रही। विदेशी निवेशकों के वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश से पैसा निकालकर अधिक तरलता वाले भारतीय निजी बैंकों में निवेश जारी रखने से इस क्षेत्र के शेयरों में तेजी का सिलसिला बना रहा।”

नायर ने कहा कि एआई का आकर्षण घटने से भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों को भी समर्थन मिला। इससे पारंपरिक आईटी सेवाओं पर एआई के संभावित प्रतिकूल प्रभाव को लेकर चिंताएं कम हुईं।

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.59 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की गिरावट रही।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img