आजाद ने कहा कि उनका मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का पहला मोर्चा है जो कमजोर, वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के जुड़ने से और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
आजाद ने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए यदि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी, तो मोर्चा उनका साथ देने को तैयार है।
उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद आजाद ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल लंबे समय से वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने, गरीबी दूर करने और अत्याचार खत्म करने के वादे करते रहे हैं, लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहीं और घोषणाएं होती रहीं, लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
उन्होंने कहा, ‘‘दलित बस्तियों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को मुकदमों और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।’’




