Last Updated:
Mount Abu News: राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में दीपावली टूरिस्ट सीजन के दौरान गुजरात समेत अन्य राज्यों से अब तक 50 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंच चुके हैं. आगामी दो दिनों में यह संख्या 80 हजार तक पहुंचने का अनुमान है. सुहावने मौसम के बीच सैलानी नक्की लेक, गुरु शिखर और सनसेट पॉइंट का आनंद ले रहे हैं. प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए पोलो ग्राउंड व किचन गार्डन में विशेष पार्किंग और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
माउंट आबू: राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में इस बार दीपावली के पर्यटन सीजन में सैलानियों की जबरदस्त और बंपर आवक देखने को मिल रही है. माउंट आबू में धनतेरस से लेकर लाभ पंचमी तक साल का सबसे बड़ा और व्यस्त दीपावली टूरिस्ट सीजन रहता है. पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, धनतेरस से भाई दूज तक 42 हजार से अधिक पर्यटक माउंट आबू की वादियों में पहुंच चुके थे, जबकि बुधवार को सैलानियों का यह आंकड़ा 50 हजार के पार निकल गया. पर्यटन व्यवसायियों का अनुमान है कि आगामी दो दिनों में यहां पहुंचने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 80 हजार तक पहुंच सकती है.
इस पर्यटन सीजन में शहर के प्रवेश द्वार स्थित टोल नाके से लेकर राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर तक पर्यटकों की खासी चहल-पहल नजर आ रही है. गुजरात समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए सैलानी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भ्रमण करने के साथ ही स्थानीय बाजारों में जमकर खरीदारी कर रहे हैं और पारंपरिक लोकल फूड का स्वाद चख रहे हैं. माउंट आबू में गुलाबी सर्दी की शुरुआत होने से यहां का मौसम बेहद सुहावना हो गया है. सैलानी नक्की लेक में बोटिंग करने और सनसेट पॉइंट पर डूबते सूरज के मनमोहक नजारे को निहारने का भरपूर आनंद ले रहे हैं.
खुशनुमा माहौल और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से खुश दिखे पर्यटक
गुजरात के मेहसाणा से अपने परिवार के साथ माउंट आबू घूमने आईं पर्यटक अनुपम पटेल ने बताया कि दीपावली की छुट्टियों में यहां का मौसम बेहद शानदार और खुशनुमा है. उन्होंने नक्की लेक में बोटिंग का लुत्फ उठाया और अब अन्य पर्यटन स्थलों की सैर कर रही हैं. उन्होंने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि भारी भीड़भाड़ के बावजूद सैलानियों की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन ने शानदार सजावट के साथ पर्यटक सहायता केंद्र और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
पार्किंग, ट्रैफिक और ठहरने के लिए किए गए विशेष प्रबंध
माउंट आबू नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने बताया कि दीपावली सीजन सबसे बड़ा पर्यटन उत्सव होता है, इसलिए प्रशासन ने सैलानियों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए खास कार्ययोजना तैयार की है. शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पोलो ग्राउंड के अलावा किचन गार्डन और दो अन्य स्थानों पर विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है, साथ ही सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. होटल व्यवसाय की बात करें तो शहर के अधिकांश होटल पहले से ही एडवांस में बुक हो चुके हैं. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई होटलों द्वारा किराए में आकर्षक ऑफर भी दिए जा रहे हैं. यहां सैलानियों के बजट के अनुसार 1500 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक के होटल कमरे उपलब्ध हैं. इसके अतिरिक्त, कम बजट में ठहरने के इच्छुक यात्रियों के लिए शहर में तीन प्रमुख धर्मशालाओं की सुविधा भी मौजूद है.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…




