गुवाहाटी से शुरू होगी ट्रिप… शिलॉन्ग, चेरापूंजी, काजीरंगा और तवांग जैसे 11 लोकेशन होंगे कवर, IRCTC का बस इतने में पैकेज


अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं और इस बार किसी ऐसी जगह जाने का प्लान बना रहे हैं, जहां प्रकृति के खूबसूरत नजारे देखने को मिलें, तो पूर्वोत्तर भारत आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है. यहां ऊंचे पहाड़, घने जंगल, कल-कल करते झरने, साफ नदियां और खूबसूरत झीलें पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. इसी अनुभव को खास बनाने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है. इसका नाम ‘THE GREEN ESCAPE- 3 STATES, EX GUWAHATI’ है.

इस टूर पैकेज के जरिए पर्यटकों को 11 दिनों में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की सैर कराई जाएगी. यह यात्रा गुवाहाटी से शुरू होगी और इसमें शिलॉन्ग, चेरापूंजी, डावकी, मावलिननॉन्ग, काजीरंगा, दिरांग और तवांग जैसी खूबसूरत जगहें शामिल हैं. यह पूरा टूर 10 रात और 11 दिन का है और हर मंगलवार को संचालित किया जाता है.

11 दिनों में इन खूबसूरत जगहों की होगी सैर

पहला दिन: गुवाहाटी आगमन

यात्रा के पहले दिन पर्यटकों को गुवाहाटी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन से पिकअप किया जाएगा. इसके बाद होटल पहुंचने और आराम करने का समय मिलेगा. शाम को पर्यटक अपनी मर्जी से आसपास घूम सकते हैं. रात में होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी.

दूसरा दिन: गुवाहाटी से शिलॉन्ग

दूसरे दिन नाश्ते के बाद शिलॉन्ग के लिए रवाना होंगे. रास्ते में उमियम झील देखने का मौका मिलेगा. पहाड़ियों से घिरी यह झील अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जानी जाती है. इसके अलावा गुवाहाटी में प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के दर्शन भी इस यात्रा का हिस्सा हैं. शिलॉन्ग पहुंचकर होटल में चेक-इन किया जाएगा.

तीसरा दिन: शिलॉन्ग और चेरापूंजी

तीसरे दिन चेरापूंजी की सैर कराई जाएगी. यहां पर्यटक एलीफेंट फॉल्स, सेवन सिस्टर्स फॉल्स, नोहकलिकाई फॉल्स और मावस्मई गुफाओं को देख सकेंगे. चेरापूंजी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और भारी बारिश के लिए दुनिया भर में मशहूर है. शाम को वापस शिलॉन्ग लौटकर होटल में ठहरेंगे.

चौथा दिन: डावकी और मावलिननॉन्ग

इस दिन पर्यटक डावकी और मावलिननॉन्ग की सैर करेंगे. डावकी की उमंगोट नदी अपने साफ पानी के लिए मशहूर है. यहां नाव में बैठकर नदी की खूबसूरती देखने का अलग ही अनुभव मिलता है. इसके बाद मावलिननॉन्ग गांव घूमने का मौका मिलेगा, जिसे एशिया के सबसे साफ गांवों में गिना जाता है. यहां की साफ-सफाई और हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है. शाम को शिलॉन्ग वापस लौटेंगे.

पांचवां दिन: शिलॉन्ग से काजीरंगा

पांचवें दिन असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगे. लगभग 300 किलोमीटर की यह यात्रा 5 से 6 घंटे की होगी. काजीरंगा एक सींग वाले गैंडे के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. यहां पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन और आराम का समय मिलेगा.

छठा दिन: काजीरंगा से दिरांग

सुबह पर्यटक अपनी इच्छा से काजीरंगा नेशनल पार्क में जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं. हालांकि, सफारी का खर्च खुद उठाना होगा. इसके बाद दिरांग के लिए रवाना होंगे. रास्ते में टिपी ऑर्किड सेंटर और हॉट वाटर स्प्रिंग देखने का मौका मिलेगा. रात में दिरांग में ठहरेंगे.

सातवां दिन: दिरांग से तवांग

इस दिन यात्रा अरुणाचल प्रदेश की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच से होकर गुजरेगी. रास्ते में सेला पास, जसवंतगढ़ वॉर मेमोरियल और जंग फॉल्स देखने को मिलेंगे. सेला पास बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. इसके बाद तवांग पहुंचकर होटल में ठहरेंगे.

आठवां दिन: तवांग की खूबसूरती

तवांग में पर्यटकों को संगैस्टार झील यानी माधुरी लेक घूमने का मौका मिलेगा. इसके अलावा बुम ला पास और भारत-चीन सीमा के आसपास के क्षेत्र की सैर भी कराई जाएगी. हालांकि, इसके लिए जरूरी अनुमति मिलना अनिवार्य है. यहां की ऊंची पहाड़ियां और बर्फीले नजारे यात्रा को यादगार बना सकते हैं.

नौवां और दसवां दिन: तवांग से दिरांग और गुवाहाटी

नौवें दिन नाश्ते के बाद पर्यटक प्रसिद्ध तवांग मठ घूमने जाएंगे. यह एशिया के बड़े बौद्ध मठों में से एक है और अपनी धार्मिक व ऐतिहासिक पहचान के लिए जाना जाता है. इसके बाद दिरांग लौटेंगे. दसवें दिन दिरांग से गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे. वहां होटल में रात बिताने की व्यवस्था होगी.

ग्यारहवां दिन: यात्रा का समापन

आखिरी दिन नाश्ते के बाद पर्यटकों को गुवाहाटी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन तक छोड़ा जाएगा. इसके साथ ही 11 दिनों की पूर्वोत्तर भारत की यह यात्रा पूरी हो जाएगी.

कितना है IRCTC टूर पैकेज का किराया?

इस टूर पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या और कमरे में ठहरने की व्यवस्था यानी ऑक्यूपेंसी के आधार पर तय की गई है. अलग-अलग विकल्पों के लिए प्रति व्यक्ति किराया इस प्रकार है:

ऑक्यूपेंसी प्रति व्यक्ति किराया
सिंगल ऑक्यूपेंसी ₹79,090
डबल ऑक्यूपेंसी ₹55,840
ट्रिपल ऑक्यूपेंसी ₹51,870
5 से 11 साल के बच्चे (बेड के साथ) ₹41,450
4 लोगों के ग्रुप में ₹51,470
10 लोगों के ग्रुप में ₹49,170

पैकेज में मिलेंगी ये सुविधाएं

IRCTC के इस टूर पैकेज में पर्यटकों के ठहरने के लिए 10 रातों के होटल की व्यवस्था शामिल है. इसके अलावा रोजाना सुबह का नाश्ता और रात का खाना दिया जाएगा. एक पर्यटन स्थल से दूसरे स्थान तक जाने और घूमने के लिए टूरिस्ट व्हीकल की सुविधा भी मिलेगी. अगर आप पूर्वोत्तर भारत की प्राकृतिक खूबसूरती, स्थानीय संस्कृति, बौद्ध मठों, झरनों और वन्यजीवों को करीब से देखना चाहते हैं, तो IRCTC का यह टूर पैकेज आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. बुकिंग और यात्रा से जुड़ी विस्तृत शर्तों के लिए IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी जरूर चेक करें.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img