Last Updated:
Pindari glacier trek route : बागेश्वर का पिंडारी ग्लेशियर ट्रेकिंग प्रेमियों के बीच अलग स्थान रखता है. हिमालय की ऊंची चोटियों, बर्फ से ढके पहाड़ों, घने जंगलों और खूबसूरत घाटियों के बीच से गुजरने वाला ये ट्रेक जन्नत की राह से कम नहीं. बागेश्वर के पर्वतारोही भुवन चौबे लोकल 18 से बताते हैं कि पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा के लिए पर्यटक सबसे पहले ट्रेन से काठगोदाम पहुंच सकते हैं. खाती गांव से पिंडारी ग्लेशियर के लिए करीब 26 किलोमीटर का एक तरफ का पैदल ट्रेक शुरू होता है. पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा के लिए तीन से चार दिन काफी माने जाते हैं. पहले दिन बागेश्वर से खाती पहुंचकर रात्रि विश्राम करें. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दिन भी लगा सकते हैं.
बागेश्वर. उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मौजूद पिंडारी ग्लेशियर ट्रेकिंग प्रेमियों के लिए अनूठा है. हिमालय की ऊंची चोटियों, बर्फ से ढके पहाड़ों, घने जंगलों और खूबसूरत घाटियों के बीच से गुजरने वाला ये ट्रेक प्रकृति प्रेमियों को रोमांचक अनुभव कराता है. समुद्र तल से करीब 3,660 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पिंडारी ग्लेशियर को कुमाऊं के प्रमुख ट्रेकिंग स्थलों में गिना जाता है. सर्दियों में यहां बर्फ से ढकी पहाड़ियां और शांत वातावरण इस यात्रा को और भी खूबसूरत बना देते हैं. बागेश्वर के वरिष्ठ पर्वतारोही भुवन चौबे लोकल 18 से बताते हैं कि पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा के लिए पर्यटक सबसे पहले ट्रेन से काठगोदाम पहुंच सकते हैं. यहां से बागेश्वर के लिए बस, टैक्सी और निजी वाहन ले सकते हैं. काठगोदाम से बागेश्वर पहुंचने के बाद भराड़ी, कर्मी, धुर और खरकिया होते हुए खाती गांव तक सड़क मार्ग से जाना होता है. बागेश्वर से खाती की दूरी करीब 70 किलोमीटर है. पहाड़ी रास्ता होने के कारण इस सफर में समय लग जाता है. खाती गांव इस ट्रेक का प्रमुख आधार है. यहीं से आगे की पैदल यात्रा शुरू होती है.
खाती से द्वाली और फुरकिया तक का ट्रेक
खाती गांव से पिंडारी ग्लेशियर के लिए करीब 26 किलोमीटर का एक तरफ का पैदल ट्रेक शुरू होता है. खाती से द्वाली की दूरी लगभग 14 किलोमीटर है. यह रास्ता घने जंगलों, पहाड़ी पगडंडियों और नदी-झरनों के बीच से होकर गुजरता है. द्वाली में रात्रि विश्राम की व्यवस्था है. इसके बाद द्वाली से फुरकिया की दूरी करीब 5 किलोमीटर है. फुरकिया पहुंचने के बाद अगले चरण में लगभग 7 किलोमीटर का रास्ता तय कर पिंडारी ग्लेशियर के जीरो प्वाइंट जाते हैं. इस दौरान हिमालय की ऊंची चोटियों और आसपास के बर्फीले क्षेत्र का शानदार नजारा देखने को मिलता है.
कहां कर सकते हैं रात्रि विश्राम
इस ट्रेक के दौरान खाती, द्वाली और फुरकिया प्रमुख पड़ाव हैं. खाती गांव में होमस्टे और स्थानीय आवास की सुविधा जाती है, जबकि द्वाली और फुरकिया में ट्रेकर्स के लिए पर्यटक विभाग और पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस बने हुए हैं. मौसम और पर्यटकों की संख्या के अनुसार ठहरने की व्यवस्था हो जाती है. इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों, गाइड और संबंधित विभाग से संपर्क करना जरूरी है. पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा के लिए तीन से चार दिन काफी माने जाते हैं. पहले दिन बागेश्वर से खाती पहुंचकर रात्रि विश्राम करें. दूसरे दिन खाती से द्वाली तक पैदल यात्रा करें. तीसरे दिन द्वाली से फुरकिया होते हुए ग्लेशियर तक पहुंचकर वापस द्वाली लौटें. चौथे दिन द्वाली से खाती पहुंचकर सड़क मार्ग से बागेश्वर वापस लौट सकते हैं. हालांकि यह कार्यक्रम मौसम और रास्ते की स्थिति पर निर्भर भी करता है. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दिन भी लगा सकते हैं.
सर्दियों क्यों वरदान
सर्दियों में पिंडारी क्षेत्र की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक जाती हैं. बर्फीले रास्ते, ठंडी हवाएं और हिमालय की चोटियों का नजारा पर्यटकों को अलग अनुभव देता है. हालांकि, इस मौसम में भारी बर्फबारी, कम तापमान और फिसलन के कारण ट्रेक काफी कठिन हो जाता है. हर साल मौसम के अनुसार रास्ते की स्थिति बदल जाती है. यात्रा से पहले मौसम और रास्ते की ताजा जानकारी जरूर लें. गर्म कपड़े, मजबूत ग्रिप वाले ट्रेकिंग जूते, रेनकोट, टॉर्च, पर्याप्त पानी, सूखा भोजन और प्राथमिक उपचार किट साथ रखें. ऊंचाई पर शरीर को ढलने का समय दें, और थकान या सांस लेने में परेशानी होने पर आगे बढ़ने से बचें. स्थानीय गाइड की मदद लें. वन विभाग और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें. बर्फबारी के दौरान बिना अनुमति और स्थानीय मार्गदर्शन के आगे बढ़ना जोखिम भरा हो जाता है.
About the Author
प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…




