Last Updated:
उत्तराखंड का माणा गांव अपनी खूबसूरत वादियों, पौराणिक गुफाओं और भीम पुल के लिए मशहूर है. जानें यहां घूमने की खास जगहें और पहुंचने का तरीका.
माणा गांव की पहचान सिर्फ इसकी खूबसूरती तक सीमित नहीं है. इसका पौराणिक महत्व भी काफी खास है. यहां स्थित भीम पुल पर्यटकों को आकर्षित करता है. मान्यता है कि महाभारत काल में पांडवों के स्वर्ग जाने के रास्ते में भीम ने द्रौपदी के लिए सरस्वती नदी पर एक बड़ी चट्टान रखकर पुल बनाया था. आज भी यहां आने वाले पर्यटक इस प्राकृतिक पुल को देखने जरूर पहुंचते हैं.
इसके अलावा यहां व्यास गुफा और गणेश गुफा भी हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, व्यास गुफा में महर्षि वेदव्यास ने महाभारत की रचना की थी और भगवान गणेश ने इसे लिखा था. गांव के आसपास बहती सरस्वती नदी का तेज बहाव और पहाड़ों के बीच उसका रास्ता देखने लायक है.
गांव की संस्कृति और स्थानीय स्वाद
माणा गांव में भोटिया समुदाय के लोग रहते हैं. यहां के पारंपरिक पत्थर के घर, लकड़ी की नक्काशी और पहाड़ी जीवनशैली पर्यटकों को आकर्षित करती है. गांव की गलियों में घूमते हुए आपको स्थानीय लोगों की संस्कृति और रहन-सहन को करीब से जानने का मौका मिलता है. यहां के राजमा और आलू भी काफी मशहूर हैं. इसके अलावा स्थानीय दुकानों पर ऊनी कपड़े और हाथ से बनी चीजें मिलती हैं. गांव में घूमने के बाद यहां की छोटी दुकानों पर चाय पीना भी एक अच्छा अनुभव हो सकता है.
कैसे पहुंचें और कब जाएं?
माणा गांव उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है और बद्रीनाथ से करीब 3 किलोमीटर दूर है. यहां पहुंचने के लिए पहले ऋषिकेश या हरिद्वार आना होगा. यहां से बस या टैक्सी के जरिए जोशीमठ और फिर बद्रीनाथ पहुंच सकते हैं. बद्रीनाथ से सड़क मार्ग द्वारा माणा गांव तक पहुंचा जा सकता है.
हवाई यात्रा करने वाले लोग देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट तक पहुंच सकते हैं. इसके बाद सड़क मार्ग से यात्रा करनी होगी. माणा घूमने के लिए मई से अक्टूबर और नवंबर की शुरुआत तक का समय बेहतर रहता है. सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण यह इलाका आमतौर पर पहुंच से बाहर हो जाता है. इसलिए यात्रा से पहले सड़क और मौसम की जानकारी जरूर लें.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…




