Last Updated:
सर्दियों का मौसम घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए खास होता है. इस दौरान कहीं पहाड़ बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेते हैं, तो कहीं झरनों, नदियों और वादियों की खूबसूरती देखने लायक होती है. अगर आप भी नवंबर से फरवरी के बीच छुट्टियों में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो कश्मीर, सिक्किम और मेघालय की इन जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यहां आपको बर्फबारी से लेकर खूबसूरत पहाड़ों और शांत वादियों तक, हर तरह का अनुभव मिलेगा.
सर्दियों में कश्मीर की खूबसूरती देखने लायक होती है. यहां गुलमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर घूमने के लिए अच्छे विकल्प हैं. गुलमर्ग में दिसंबर से मार्च के बीच बर्फबारी और स्कीइंग का मजा लिया जा सकता है. यहां की गोंडोला केबल कार से बर्फ से ढके पहाड़ों का शानदार नजारा दिखाई देता है. वहीं, पहलगाम में लिद्दर नदी, ऊंचे पहाड़ और बर्फ से ढकी वादियां आपका दिल जीत लेंगी. श्रीनगर जाएं तो डल झील में शिकारा की सवारी करना न भूलें. कैसे पहुंचें: श्रीनगर एयरपोर्ट देश के कई बड़े शहरों से जुड़ा है. यहां से गुलमर्ग और पहलगाम के लिए टैक्सी मिल जाती है.
सिक्किम सर्दियों में घूमने के लिए एक शानदार जगह है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता और बर्फ से ढकी चोटियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. गंगटोक से करीब 40 किलोमीटर दूर त्सोमगो झील सर्दियों में जम जाती है. इसके आसपास बर्फ से ढके पहाड़ों का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है. इसके अलावा नाथुला पास और युमथांग वैली भी घूमने के अच्छे विकल्प हैं. अगर आप शांत माहौल और पहाड़ों के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो सिक्किम की यात्रा कर सकते हैं.
कैसे पहुंचें: सिक्किम जाने के लिए बागडोगरा एयरपोर्ट या न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं. यहां से गंगटोक के लिए टैक्सी और गाड़ियां मिल जाती हैं. ध्यान रखें कि नाथुला और कुछ दूसरे सीमावर्ती इलाकों में जाने के लिए परमिट की जरूरत होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप बर्फबारी के बजाय हरियाली, पहाड़ और झरने देखना चाहते हैं, तो मेघालय जा सकते हैं. सर्दियों में यहां का मौसम घूमने के लिए काफी अच्छा रहता है. शिलॉन्ग की खूबसूरत पहाड़ियां, चेरापूंजी के झरने और डॉकी की साफ नदी पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है. यहां मावलिननॉन्ग गांव और डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज भी देख सकते हैं. डबल डेकर रूट ब्रिज तक पहुंचने के लिए ट्रेक करना पड़ता है, इसलिए आरामदायक जूते जरूर साथ रखें.
कैसे पहुंचें: मेघालय जाने के लिए गुवाहाटी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं. वहां से शिलॉन्ग के लिए टैक्सी और बसें मिल जाती हैं. शिलॉन्ग से चेरापूंजी और डॉकी भी सड़क मार्ग से जा सकते हैं.
कश्मीर और सिक्किम में सर्दियों के दौरान काफी ठंड पड़ती है, इसलिए गर्म कपड़े, दस्ताने और अच्छे जूते साथ रखें. बर्फबारी के कारण कई बार सड़कें बंद हो सकती हैं. सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले परमिट और मौसम की जानकारी जरूर लें.
वहीं, मेघालय में सर्दियां ट्रेकिंग और घूमने के लिए अच्छा समय हैं. अगर आप इस मौसम में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो होटल और टिकट पहले से बुक करना बेहतर रहेगा.




