राष्ट्रीय राजधानी में 24 कैरेट सोने का भाव शुक्रवार को कर सहित 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। यह कीमत 29 जनवरी को दर्ज 1,83,000 रुपये के रिकॉर्ड स्तर से करीब 20 प्रतिशत कम है। हालांकि, पिछले साल धनतेरस पर इसका भाव 1,32,400 रुपये था।
इस दौरान चांदी का भाव भी इस साल जनवरी के 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर से 52.4 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 1,92,500 रुपये (कर समेत) पर आ गया है। हालांकि यह अब भी पिछले साल के धनतेरस के 1,70,000 रुपये के भाव से अधिक है।
जीजेसी के वाइस चेयरमैन अविनाश गुप्ता ने कहा कि इस बार दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही पिछले साल से अधिक रही है और पहले से मिली बुकिंग ने भी बाजार की धारणा मजबूत की है। पश्चिम और उत्तर भारत के बाजारों में गतिविधियां अधिक देखने को मिल रही हैं।
एमएमटीसी-पैम्प के प्रबंध निदेशक समित गुहा ने कहा कि ग्राहक अब बड़े आकार की खरीदारी करने के बजाय छोटे सिक्के और छड़ें खरीद रहे हैं तथा अलग-अलग कीमतों पर किस्तों में निवेश कर रहे हैं।




