महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एनसीपी में एक और फूट की अटकलें तेज हो गई हैं
एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं के दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की
हालात संभालने के लिए सुनेत्रा पवार ने पार्टी विधायकों की आपात बैठक बुलाई
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में एक और फूट की अटकलें तेज हो गई हैं। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं के रविवार रात दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच हालात को संभालने के लिए सुनेत्रा पवार ने पार्टी विधायकों की आपात बैठक बुलाई है।
सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात में सीधे अपनी नाराजगी व्यक्त की और आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। खबरों के मुताबिक, इन नेताओं ने उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार व राज्यसभा सांसद पार्थ पवार के बढ़ते आंतरिक प्रभाव को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। हालांकि, अपने आप में ये बड़ा सवाल है कि एनसीपी के दिग्गज नेता अपनी पार्टी की शिकायतें दूसरी पार्टी के नेता से क्यों कर रहे हैं।




