शेयर बाजार में चार सत्रों के बाद तेजी लौटी, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा
वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच धातु, निजी बैंक और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार चार दिन की गिरावट से उबरकर तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में बढ़त सीमित रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ। इसके 20 शेयर लाभ में, जबकि 10 नुकसान में रहे। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 730.28 अंक तक चढ़कर 76,883.14 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था।
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत बढ़कर 23,897.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 132 अंक चढ़कर 24,005.75 अंक तक पहुंच गया था लेकिन समापन नीलामी सत्र (सीएएस) में इसकी बढ़त कम हो गई।
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में गिरावट रही।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तत्काल ब्याज दर बढ़ाने की आशंका कम होने से भारतीय शेयर बाजार में राहत भरी तेजी आई। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने से बढ़त सीमित रही।”
नायर ने कहा कि घरेलू बाजार में शेयर और क्षेत्र आधारित खरीदारी जारी रही तथा छोटी कंपनियों के शेयरों के सूचकांक कारोबार के दौरान अपने अब तक के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
नायर ने कहा, “मजबूत आय वृद्धि, अर्थव्यवस्था की मजबूती और घरेलू मांग में मजबूती से व्यापक बाजार में निवेशकों का भरोसा कायम है।”




