नेपाल के तीन जिलों में भोटेकोसी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में 160 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों में सुरक्षाकर्मी और पर्यटक भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान का काम जारी है। बाढ़ के तेज बहाव ने नेपाल के कई इलाकों में परिवहन और संपर्क व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों का संपर्क दूसरे इलाकों से टूट गया है और राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।
इस आपदा की चपेट में जलविद्युत परियोजनाएं और कई वाहन भी आए हैं। बाढ़ से 13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है, जबकि कई वाहन तेज बहाव में बह गए। नेपाल सेना ने प्रभावित इलाकों में अभियान चलाकर 250 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। नेपाल में अब भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। इनमें 139 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 391 पर्यटकों और 44 सुरक्षाकर्मियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। सरकार के मुताबिक, नेपाल सेना के 44 जवान, नेपाल पुलिस के 28 कर्मी और सशस्त्र पुलिस बल के 13 जवानों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है।




