नई दिल्ली. आईआरसीटीसी ने धार्मिक स्थानों का भ्रमण करने में रुचि रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास आफर लांच किया है. IRCTC भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन से श्रद्धालु एक बार में तीन प्रमुख धाम और 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे. इसके लिए यात्रियों को केवल अपनी सीट बुक करनी होगी, बाकी यात्रा, भोजन, होटल और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था आईआरसीटीसी करेगा. यानी टिकट बुक करने के बाद आराम से धार्मिक स्थलों का भ्रमण करिए.
यह विशेष ‘देव दर्शन यात्रा: 3 धाम और 11 ज्योतिर्लिंग’ 3 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी. 17 रात और 18 दिन की इस आध्यात्मिक यात्रा में करीब 10,000 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा.
यहां के करेंगे दर्शन
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूर्व में जगन्नाथ पुरी, दक्षिण में रामेश्वरम और पश्चिम में द्वारकाधीश धाम के दर्शन करेंगे. इसके अलावा काशी विश्वनाथ, बैद्यनाथ धाम, मल्लिकार्जुन, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर सहित 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा.
यहां से हो सकेंगे सवार
ट्रेन दिल्ली सफदरजंग के अलावा गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और प्रयागराज स्टेशन से भी यात्रियों को बोर्डिंग की सुविधा देगी. यात्रा के दौरान वाराणसी, देवघर, पुरी, रामेश्वरम, पुणे, नासिक, द्वारका, सोमनाथ और उज्जैन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
केवल 150 यात्री करेंगे सफर
भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन में कुल 150 यात्रियों के लिए प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी श्रेणियों की व्यवस्था होगी. ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेस्तरां, सुसज्जित रसोई, शॉवर क्यूबिकल, सेंसर आधारित वॉशरूम, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा गार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
थ्री स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था
आईआरसीटीसी के अनुसार पैकेज में ट्रेन यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, एसी वाहनों से स्थानीय भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं.
किराया भी जान लें इसका
इस विशेष यात्रा का किराया एसी प्रथम श्रेणी के लिए 1,98,010 रुपये, एसी द्वितीय श्रेणी के लिए 1,81,995 रुपये और एसी तृतीय श्रेणी के लिए 1,49,965 रुपये निर्धारित किया गया है. सीमित सीटों वाली इस यात्रा के लिए इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं




