डोंगरगढ़- विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत घुमका के अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी फुलमती वर्मा एवं पार्षदों की विजय पर छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी ने नगर पंचायत घुमका के समस्त नागरिकों, कांग्रेस परिवार के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। विष्णु लोधी ने कहा कि यह विजय किसी एक व्यक्ति या एक दल की नहीं, बल्कि घुमका की जागरूक जनता के विश्वास, आशीर्वाद और लोकतांत्रिक जनादेश की विजय है। नगरवासियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए जिस परिपक्वता और दूरदर्शिता का परिचय दिया है, वह लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व होता है, जिसमें अंतिम निर्णय जनता का होता है और जनता का निर्णय सर्वोपरी होता है। घुमका की जनता ने जो जनादेश दिया है, कांग्रेस परिवार उसका सम्मान करता है और इसे नगर के विकास, जनकल्याण तथा जनविश्वास की जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करता है।
विष्णु लोधी ने चुनाव अभियान में दिन-रात मेहनत करने वाले बूथ स्तर से लेकर वरिष्ठ स्तर तक के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा सहयोगी संगठनों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और अथक परिश्रम ने इस विजय की मजबूत नींव रखी है। यह सफलता संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान घुमका की जनता ने जिस आत्मीयता, प्रेम और विश्वास के साथ कांग्रेस परिवार का समर्थन किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणा का विषय है। यह जनादेश हमें अधिकार नहीं, बल्कि सेवा का अवसर प्रदान करता है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही अब हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
विष्णु लोधी ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती फुलमती वर्मा एवं जनप्रतिनिधियों की टीम नगर के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ प्रशासन, सामाजिक समरसता तथा जनहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि घुमका की जनता ने जिस भरोसे के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। अंत में उन्होंने पुनः नगर पंचायत घुमका की समस्त जनता, कांग्रेस परिवार के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को इस ऐतिहासिक विजय के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत जनविश्वास, जनसहयोग और जनसेवा की भावना की जीत है। अब समय चुनावी प्रतिस्पर्धा को पीछे छोड़कर घुमका के विकास, सम्मान और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का है।
घुमका की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाज के विश्वास ने रचा विजय का इतिहास : (विष्णु लोधी)
Related articles




