ट्रंप-नेतन्याहू कॉल में बढ़ा तनाव
एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप और नेतन्याहू के बीच हुई फोन बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बेहद नाराज नजर आए। अमेरिकी अधिकारियों और मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप ने नेतन्याहू पर एहसान फरामोशी का आरोप लगाया और कहा कि अगर वह न होते तो नेतन्याहू जेल में होते। रिपोर्ट के मुताबिक, एक समय ट्रंप ने ऊंची आवाज में यह तक पूछा कि, “तुम ये क्या कर रहे हो?” बताया गया कि उन्होंने बेरूत पर संभावित हमले की इजरायली योजना को भी रोक दिया।
इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट में कहा था कि उनकी नेतन्याहू से बातचीत हुई है और कोई भी इजरायली सैनिक बेरूत नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि रास्ते में मौजूद सैनिकों को भी वापस भेज दिया गया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि हिज्बुल्लाह के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधियों के माध्यम से उनकी सकारात्मक बातचीत हुई है और दोनों पक्ष गोलीबारी रोकने पर सहमत हुए हैं।




