Last Updated:
Iran US Live News: अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता चल रही है. इसी बीच ईरान से एक बड़ी खबर निकल कर आई है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है. उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई …और पढ़ें
ईरानी राष्ट्रपति ने सौंपा इस्तीफा.
Iran US Live News: ईरान की सत्ता के गलियारों से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे पश्चिम एशिया की राजनीति में हलचल मचा दी है. राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कथित तौर पर अपना इस्तीफा सुप्रीम लीडर के कार्यालय को भेज दिया है. अगर यह इस्तीफा स्वीकार हो जाता है तो यह सिर्फ सरकार में बदलाव नहीं होगा, बल्कि ईरान की सत्ता के भीतर चल रही खींचतान का सबसे बड़ा सार्वजनिक संकेत माना जाएगा. ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, पेजेशकियन ने रविवार को भेजे अपने पत्र में साफ लिखा है कि राष्ट्रपति और उनकी सरकार को देश के बड़े और अहम फैसलों से लगभग बाहर कर दिया गया है. उनके अनुसार इस स्थिति का फायदा उठाकर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कट्टरपंथी धड़ों ने शासन के महत्वपूर्ण हिस्सों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया है. वहीं इसी बीच खबर आई है कि ईरान ने अमेरिका से कहा है कि वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से पर्यावरण शुल्क वसूल सकता है. वह इसे ही वसूलेगा. वहीं लेबनान में इजरायल की कार्रवाई के बाद कच्चे तेल का दाम बढ़ा है.
‘मेरे हाथ में कुछ नहीं बचा’
रिपोर्ट के अनुसार पेजेशकियन ने अपने पत्र में कहा कि मौजूदा हालात में वह सरकार नहीं चला पा रहे हैं और न ही अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभा पा रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने की इच्छा जताई है. यह अभी साफ नहीं है कि मोजतबा खामेनेई राष्ट्रपति का इस्तीफा स्वीकार करेंगे या नहीं, लेकिन पत्र में जो चीजें लिखी हैं वह ईरान की सत्ता के शीर्ष स्तर पर गहरे मतभेदों की ओर इशारा करती है.
सरकार और IRGC में लड़ाई?
पिछले कई महीनों से ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि ईरान की सैन्य और सुरक्षा संस्थाओं तथा राष्ट्रपति कार्यालय के बीच तनाव बढ़ रहा है. रिपोर्टों के मुताबिक IRGC धीरे-धीरे राष्ट्रपति के कई अधिकार सीमित कर चुका है और सरकार के अहम हिस्सों पर उसका प्रभाव बढ़ गया है. जानकार सूत्रों का दावा है कि इसी वजह से पेजेशकियन प्रशासन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिरोध में फंस गया है. कहा जा रहा है कि इस टकराव के कारण न केवल कूटनीतिक बातचीत प्रभावित हुई है बल्कि कैबिनेट में बदलाव और कई प्रशासनिक फैसले भी अटक गए हैं.
अमेरिका से बातचीत के बीच बड़ा घटनाक्रम
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बातचीत जारी है. हाल के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि ईरान का सत्ता ढांचा अंदर से बंटा हुआ है. ट्रंप ने पहले कहा था कि ईरानी शासन बेहद बंटा दिखाई दे रहा है. अब राष्ट्रपति के कथित इस्तीफे की खबर ने उन दावों को और चर्चा में ला दिया है.
Hormuz Strait Crisis Live: होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलेगा ईरान?
होर्मुज संकट लाइव: ईरान ने दावा किया है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत उसे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों से पर्यावरण शुल्क वसूलने का अधिकार है. ईरान के पर्यावरण विभाग के अधिकारी अरमान खोरसंद ने कहा कि तेल प्रदूषण, विदेशी सैन्य गतिविधियों और खाड़ी के संवेदनशील समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को हुए नुकसान की भरपाई के लिए यह शुल्क लिया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय नियमों के दायरे में है और इसे अवैध बताने के दावों का कोई कानूनी आधार नहीं है. यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर क्षेत्रीय तनाव और वैश्विक व्यापार की चिंताएं बनी हुई हैं.




