Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, जानिए आज कितने रुपये सस्ते हुए दाम


घरेलू कमोडिटी मार्केट खुलते ही आज सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। चांदी के दाम 4,300 रुपये से ज्यादा टूटकर 2,72,337 रुपये प्रति किलो पर आ गए, जबकि सोना करीब 900 रुपये सस्ता होकर 1,58,186 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। गंगा दशहरा के दिन आई इस नरमी को कीमती धातु खरीदने और दान करने वाले लोगों के लिए राहत माना जा रहा है, हालांकि निवेशकों को विशेषज्ञों की राय लेने की सलाह दी जा रही है।

एक दिन पहले बाजार में आई थी तेज तेजी

इससे पहले सोमवार को सोने और चांदी दोनों में तेजी देखने को मिली थी। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 740 रुपये चढ़कर 1,58,857 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था, जो इससे पहले 1,58,117 रुपये था। वहीं 22 कैरेट सोना 1,45,513 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,19,143 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था।

चांदी में सोने की तुलना में ज्यादा उछाल देखने को मिला था। इसका भाव 5,100 रुपये बढ़कर 2,71,100 रुपये प्रति किलो हो गया था, जो पहले 2,66,000 रुपये प्रति किलो था। लगातार तेजी के बाद मंगलवार को बाजार में मुनाफावसूली का असर साफ दिखाई दिया।

कच्चे तेल और डॉलर इंडेक्स का असर

सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के पीछे वैश्विक हालात भी अहम वजह बने हुए हैं। सोमवार को ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता की उम्मीदों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान से सकारात्मक संकेत मिले थे। हालांकि बाद में अमेरिका के आक्रामक रुख के चलते कच्चे तेल की कीमतों में फिर उछाल आया और ब्रेंट क्रूड करीब 1 फीसदी बढ़कर 98 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।

इसी बीच डॉलर इंडेक्स मजबूत होने से निवेशकों का रुझान डॉलर आधारित ज्यादा मुनाफे वाली कमोडिटीज की ओर बढ़ा, जिसका असर सोने-चांदी के बाजार पर देखने को मिला। केडिया एडवायजरी के मुताबिक, गोल्ड फिलहाल 1,57,000 रुपये के करीब सपोर्ट दिखा रहा है, जबकि 1,60,000 रुपये के पास रेजिस्टेंस बना हुआ है। बाजार में तेजी लौटने की स्थिति में सोना 1,63,000 रुपये तक जा सकता है।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img