Last Updated:
Banana and Weight Management: केला एक ऐसा फल है, जिसे लोग वजन कम करने के लिए खाते हैं और वजन बढ़ाने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं. कुछ लोग इसे वेट लॉस में कारगर मानते हैं, तो कई लोग वेट गेन के लिए सुपरफूड मानते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो दूध के साथ केला खाने से वजन बढ़ता है, जबकि सुबह-सुबह केला खाने से वजन कम हो सकता है. वजन बढ़ना और घटना इस बात पर निर्भर करता है कि आप केला किस तरह खा रहे हैं.
डाइटिशियन कामिनी सिन्हा के अनुसार केला वजन बढ़ाने और घटाने दोनों में फायदेमंद होता है.
Banana for Weight Loss or Weight Gain: केला सबसे ज्यादा खाया जाने वाला फल है. पका हुआ केला का स्वाद लोगों को खूब भाता है, जबकि कच्चा केला भी कई तरीके से खाया जाता है. केला की सब्जी भी बनाई जाती है और इसे कई डेजर्ट में भी इस्तेमाल किया जाता है. बच्चे हों या बड़े, हर किसी को केला पसंद होता है. केला हर जगह आसानी से मिल जाता है, सस्ता होता है और इसमें पोषक तत्वों का बड़ा भंडार होता है. यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. कई लोग वजन बढ़ाने के लिए केला खाते हैं, तो कुछ लोग वेट लॉस के लिए केला खाना पसंद करते हैं. यह इकलौता ऐसा फल है, जिसे खाने से वजन बढ़ भी सकता है और कम भी हो सकता है. अधिकतर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर केला खाने से वजन बढ़ता है या कम होता है? इस बारे में डाइटिशियन से हकीकत जानने की कोशिश करते हैं.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया केला वजन बढ़ाने के लिए भी खाया जाता है और इससे वेट लॉस भी हो सकता है. इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आप केला किस मात्रा में, किस समय और किस तरीके से खा रहे हैं. केले में कार्बोहाइड्रेट और नेचुरल शुगर अच्छी मात्रा में पाई जाती है, जो शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देने का काम करती है. एक मीडियम आकार के केले में लगभग 100 से 120 कैलोरी होती है. अगर कोई व्यक्ति दिनभर जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेता है और फिजिकल एक्टिविटी कम करता है, तो केला खाने से वजन बढ़ सकता है.
डाइटिशियन के मुताबिक केला वजन घटाने में भी मदद कर सकता है. इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग से बचाव होता है. अगर तली-भुनी चीजों या हाई कैलोरी स्नैक्स की जगह केला खाया जाए, तो कैलोरी काउंट कम हो सकता है. इससे वेट लॉस में मदद मिलती है. यही कारण है कि वजन कम करने वाले लोगों को भी सीमित मात्रा में केला खाने की सलाह दी जाती है.
एक्सपर्ट ने बताया कि जिम जाने वाले लोग अक्सर वजन और मसल्स बढ़ाने के लिए केले को अपनी डाइट में शामिल करते हैं. खासतौर पर केला और दूध का कॉम्बिनेशन वजन बढ़ाने के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है. वेट लॉस के लिए कई लोग सुबह ब्रेकफास्ट में केला खाते हैं. सुबह नाश्ते में या वर्कआउट से पहले केला शरीर को तुरंत एनर्जी देने में मदद करता है. वर्कआउट के बाद केला खाने से शरीर की रिकवरी बेहतर हो सकती है. हालांकि रात में बहुत ज्यादा केला खाना कुछ लोगों में पाचन संबंधी परेशानी पैदा कर सकता है. दिन में 1 से 2 केले खाना ज्यादातर स्वस्थ लोगों के लिए फायदेमंद होता है.
डाइटिशियन कामिनी के अनुसार सिर्फ केला न तो जादुई तरीके से वजन बढ़ाता है और न ही तेजी से वजन घटाता है. असली फर्क आपकी पूरी डाइट, लाइफस्टाइल और फिजिकल एक्टिविटी से पड़ता है. अगर केला संतुलित मात्रा में और सही डाइट प्लान के साथ खाया जाए, तो यह शरीर को जरूरी पोषण, एनर्जी और फाइबर देने वाला हेल्दी फल साबित हो सकता है. केले को लेकर फैली गलतफहमियों पर भरोसा करने के बजाय खानपान और लाइफस्टाइल पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





