22 राज्यों में बारिश-ओलों का अलर्ट, दिल्ली, यूपी-बिहार, MP समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम


मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ से तापमान गिरेगा, दिल्ली, यूपी-बिहार समेत देश के कई राज्यों में मौसम बदलेगा।

फोटो: सोशल मीडिया

i

user

देशभर में मौसम ने एक बार फिर बड़ा यू-टर्न लिया है। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वोत्तर, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के करीब 22 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके चलते अगले एक हफ्ते तक दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। फिलहाल देश में कहीं भी भीषण लू की आशंका नहीं है।

पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की बड़ी वजह

मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 18 से 20 मार्च के बीच सबसे ज्यादा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और आसपास के मैदानी इलाकों में दिखेगा। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम का असर और तीखा हो सकता है।

पूर्वी और मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा सिस्टम

पश्चिमी विक्षोभ का असर देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार और मध्य प्रदेश में 16 से 22 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहेंगी।

इन इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं के चलते मौसम खराब रह सकता है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 16 और 17 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

यहां मौसम की तीव्रता अधिक रहने के आसार हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में क्या असर?

देश की राजधानी दिल्ली में 19 मार्च तक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 14°C तक रहने का अनुमान है। खासतौर पर 18 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में 17 से 19 मार्च के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30 से 50 किमी/घंटा) और ओलावृष्टि की संभावना है। बिहार में 17 और 20–22 मार्च के बीच आंधी-तूफान और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

वहीं, उत्तराखंड में 20 मार्च तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है, जबकि 19-20 मार्च को 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।  




Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img