भारतीय रसोई और आयुर्वेद में आंवले को ‘धरा का अमृत’ माना गया है. विटामिन C के इस पावरहाउस को जब शहद के बेहतरीन गुणों के साथ मिलाया जाता है, तो यह एक ऐसा मैजिकल मिश्रण(Honey soaked amla) बन जाता है जो शरीर को बीमारियों से लड़ने की जबरदस्त ताकत देता है. अक्सर हम महंगे सप्लीमेंट्स के पीछे भागते हैं, लेकिन लंबी उम्र और जवां सेहत का राज आपके घर के एक छोटे से कांच के जार में छिपा हो सकता है. शारदाकेयर हेल्थ सिटी (नोएडा) के जनरल मेडिसिन कंसल्टेंट और फिजिशियन डॉ. भूमेश त्यागी के अनुसार, शहद में भीगा आंवला(Ayurvedic benefits of Indian Gooseberry) न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि यह वेलनेस का पावरहाउस भी है. तो आइए जानते हैं कैसे!
क्यों खास है यह मिश्रण?
आंवला विटामिन C का सबसे बड़ा स्रोत है, जो फ्री रेडिकल्स से लड़ने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है. जब इसे शहद के साथ मिलाया जाता है, तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं. शहद एक नेचुरल एंटीसेप्टिक है जो आंवले के पोषक तत्वों को शरीर में सोखने (Absorption) में मदद करता है.
आंवला शहद खाने के 5 बेमिसाल फायदे:
इम्यूनिटी का सुरक्षा कवच:
बदलते मौसम में सर्दी-खांसी और वायरल बुखार से बचना चुनौतीपूर्ण होता है. शहद और आंवले का मिश्रण व्हाइट ब्लड सेल्स को सक्रिय करता है, जिससे आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता फौलादी बन जाती है.
पाचन तंत्र के लिए वरदान: अगर आप गैस, कब्ज या एसिडिटी से परेशान हैं, तो यह नुस्खा आपके लिए ही है. शहद एक नेचुरल प्रीबायोटिक है जो पेट के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाता है, जबकि आंवला लिवर को डिटॉक्स कर पाचन सुधारता है.
चेहरे पर आएगा कुदरती निखार:
महंगे कॉस्मेटिक्स की जगह इस ‘गोल्डन मिश्रण’ को आजमाएं. यह खून को साफ करता है और कोलाजन के उत्पादन को बढ़ाता है. नतीजा? बिना दाग-धब्बे वाली चमकती त्वचा और मजबूत, काले बाल.
आंखों की रोशनी और मानसिक स्वास्थ्य:
विटामिन A और C की मौजूदगी के कारण यह आंखों की रोशनी बढ़ाता है. साथ ही, यह तनाव को कम करने और याददाश्त को बेहतर बनाने में भी सहायक माना जाता है.
ब्लड शुगर और मेटाबॉलिज्म:
यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है. हालांकि, मधुमेह के मरीजों को शहद के इस्तेमाल से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
कैसे तैयार करें(How to make honey soaked amla at home)-
इसे बनाना बहुत आसान है. ताजे आंवलों को धोकर सुखा लें और उनमें कांटे (fork) से छोटे छेद कर दें. अब एक कांच के जार में आंवले डालें और ऊपर से शुद्ध शहद डाल दें. जार को एक हफ्ते के लिए किसी ठंडी जगह पर रखें. धीरे-धीरे आंवले शहद को सोख लेंगे और नरम हो जाएंगे.
अब आप रोज सुबह खाली पेट एक शहद में भीगा आंवला खाएं. यह आपको दिनभर ऊर्जावान रखेगा और बीमारियों को कोसों दूर भी.





