Last Updated:
टेक्सास के विंबर्ली के पास 30 अप्रैल की रात सेसना 421सी प्लेन क्रैश हो गया. इस हादसे में प्लेन में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है. हादसे की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने शुरू कर दी है.
टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में हुए प्लेन क्रैश में 5 लोगों की मौत हो गई है.
Aviation News: नीचे करीब 5000 की आबादी थी. देर रात हो चुकी थी, लिहाजा सभी अपने घरों में सो रहे थे. तभी आसमान से गुजर रहा एक प्लेन तेजी से फड़फड़ाते हुए तेजी से जमीन की तरफ बढ़ने लगा. कुछ ही पल बीते होंगे, तभी एक जोरदार धमाका हुआ और प्लेन में मौजूद किसी भी पैसेंजर और क्रू को चीखने का मौका भी नहीं मिला. इस हादसे में प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई.
दरअसल यह मामला टेक्सास (अमेरिका) के हिल कंट्री इलाके का है. 30 अप्रैल की रात करीब 11 बजे विंबर्ली के पास एक छोटा प्लेन अचानक क्रैश हो गया. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला.
हादसे का शिकार हुआ प्लेन दो इंजन वाला सेसना 421सी था. इसका इस्तेमाल आमतौर पर निजी यात्रा या बिजनेस फ्लाइट के लिए किया जाता है. इस तरह के प्लेन में आमतौर पर 6 लोग तक सवार हो सकते हैं. घटना के समय आसमान में एक दूसरा प्लेन भी उसी इलाके के आसपास उड़ रहा था. हालांकि इस प्लेन पर हादसे का कोई असर नहीं हुआ और वह सेफली लैंड हो गया.
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि दोनों विमानों के बीच टक्कर हुई हो. यह भी साफ नहीं है कि दोनों प्लेन एक साथ उड़ रहे थे या नहीं. इस हादसे की जांच अब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड कर रहे हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन वजहों से हुआ. जांच मौसम, तकनीकी खराबी सहित कई एंगल पर की जा रही है.
अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. उनका कहना है कि पहले परिजनों को सूचना दी जाएगी, उसके बाद ही नाम जारी किए जाएंगे. आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों में इस इलाके में यह दूसरा बड़ा प्लेन हादसा है. इससे पहले दिसंबर में भी एक छोटा प्लेन क्रैश हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की जान गई थी.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें





