बाल झड़ना आजकल बहुत आम समस्या बन चुकी है. बदलती लाइफस्टाइल, तनाव, खराब खानपान, हार्मोनल बदलाव, डैंड्रफ और प्रदूषण जैसी कई वजहों से लोग हेयर फॉल का सामना कर रहे हैं. ऐसे में जब भी घरेलू उपायों की बात होती है, तो प्याज का रस सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है. कई लोग मानते हैं कि प्याज का रस लगाने से बाल झड़ना कम हो जाता है और नए बाल भी उगने लगते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या सचमुच ऐसा होता है या यह सिर्फ एक घरेलू मिथक है.
सच यह है कि प्याज का रस कुछ मामलों में बालों के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसे जादुई इलाज समझना सही नहीं होगा. इसके असर व्यक्ति की स्कैल्प कंडीशन, हेयर फॉल की वजह और नियमित उपयोग पर निर्भर करते हैं. अगर बाल झड़ने के पीछे पोषण की कमी, तनाव या हार्मोनल कारण हैं, तो सिर्फ प्याज का रस लगाने से पूरी समस्या हल नहीं होती.
प्याज के रस में क्या होता है?
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, प्याज का रस बालों के झड़ने में कुछ हद तक मददगार माना जाता है, क्योंकि इसमें सल्फर अच्छी मात्रा में पाया जाता है. सल्फर एक जरूरी पोषक तत्व है, जो शरीर में प्रोटीन बनाने वाले अमीनो एसिड का हिस्सा होता है. बाल मुख्य रूप से केराटिन नाम के प्रोटीन से बने होते हैं, और केराटिन में भी सल्फर पाया जाता है. ऐसे में प्याज का रस स्कैल्प और बालों पर लगाने से जड़ों को अतिरिक्त पोषण मिल सकता है, जिससे बाल मजबूत बनने में मदद मिलती है. माना जाता है कि इससे बाल टूटना कम हो सकता है और नई ग्रोथ को भी सपोर्ट मिल सकता है. प्याज में मौजूद तत्व कोलेजन बनने में भी मदद कर सकते हैं, जो स्वस्थ स्किन सेल्स और बालों की बढ़त के लिए जरूरी माना जाता है.
क्या इससे बाल झड़ना कम होता है?
इसके अलावा यह भी माना जाता है कि प्याज का रस स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर कर सकता है. जब जड़ों तक खून का प्रवाह अच्छा होता है, तो हेयर फॉलिकल्स को ज्यादा पोषण मिलता है और बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है. साल 2002 की एक स्टडी में पाया गया था कि जिन लोगों ने प्याज का रस लगाया, उनमें सामान्य पानी इस्तेमाल करने वालों की तुलना में बालों की बढ़त ज्यादा देखी गई. हालांकि इस विषय पर अभी और रिसर्च की जरूरत है. यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि प्याज का रस गंजापन, एलोपेशिया या पैटर्न बाल्डनेस का इलाज नहीं है, लेकिन यह मौजूदा बालों को मजबूत रखने और हेयर फॉल कम करने में मदद कर सकता है.
लगाने का सही तरीका
एक प्याज को पीसकर उसका रस निकाल लें. इसे कॉटन की मदद से स्कैल्प पर लगाएं. 20 से 30 मिनट तक छोड़ दें, फिर हल्के शैंपू से धो लें. हफ्ते में 2 बार इस्तेमाल काफी है. ज्यादा लगाने से स्कैल्प में जलन हो सकती है. चाहें तो इसमें थोड़ा नारियल तेल या एलोवेरा जेल मिला सकते हैं.
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए
अगर आपकी स्कैल्प बहुत संवेदनशील है, खुजली होती है या एलर्जी रहती है, तो पहले पैच टेस्ट करें. प्याज का रस तेज होता है और कुछ लोगों को जलन या लालपन दे सकता है. अगर ज्यादा परेशानी हो तो तुरंत धो लें बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए शरीर को भी पोषण चाहिए. प्रोटीन, आयरन, बायोटिन, विटामिन D और पर्याप्त नींद बहुत जरूरी है. तनाव कम करना और सही हेयर केयर रूटीन भी उतना ही अहम है.





