शादीशुदा जोड़ों के लिए ये जगह स्वर्ग से कम नहीं, शिमला-मनाली को देता है टक्कर, ये रोमांटिक जगह जोड़ों को कर देती है दीवाना


पलामू: शादी के बाद नवविवाहित जोड़े अक्सर अपने खास पलों को यादगार बनाने के लिए कुल्लू-मनाली, शिमला या दूसरे मशहूर पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं. जहां वे प्रकृति के करीब सुकून भरे पल बिताते हैं, लेकिन अगर आप झारखंड और बिहार के आसपास हैं तो अब दूर जाने की जरूरत नहीं है. पलामू टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच एक ऐसी खूबसूरत जगह मौजूद है. जहां प्रकृति, शांति और रोमांस का अद्भुत संगम देखने को मिलता है. यह जगह हनीमून कपल्स के लिए किसी ड्रीम डेस्टिनेशन से कम नहीं है.

पर्यटकों के लिए बना आकर्षण का केंद्र

पलामू टाइगर रिजर्व अंतर्गत बक्सा मोड़ के पास स्थित मड हाउस और ट्री हाउस पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जंगलों की हरियाली, पक्षियों की मधुर आवाज, ठंडी हवा और प्राकृतिक वातावरण इस जगह को बेहद खास बनाते हैं. यहां ठहरने वाले कपल्स को ऐसा एहसास होता है मानो वे शहर की भागदौड़ से दूर किसी नई दुनिया में आ गए हों. सबसे खास बात यह है कि यहां पेड़ों के बीच बने ट्री हाउस और पारंपरिक शैली में तैयार मड हाउस ठहरने का अनोखा अनुभव देते हैं.

इस स्थल पर सिर्फ रहने की ही नहीं, बल्कि आरामदायक ठहराव की पूरी सुविधा उपलब्ध है. कमरे साफ-सुथरे हैं, भोजन की व्यवस्था है और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाता है. सुबह उठते ही जंगल की ताजगी और शाम होते ही प्रकृति की शांत गोद में बिताया गया समय हर किसी के लिए यादगार बन जाता है. यहां आने वाले जोड़े फोटोशूट, जंगल सफारी और एकांत में समय बिताने का आनंद भी ले सकते हैं.

जानें केयर टेकर से

केयर टेकर रामानंदन सिंह ने लोकल 18 को बताया कि वन विभाग द्वारा ये स्थल को बनाया गया है. जो कि पर्यटकों को घने जंगली के बीच जंगली जानवरों के आवाज और करीब से देखने को लेकर तैयार किया गया है. इन मड हाउस और ट्री हाउस में ठहरने वाले सैलानियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है. यहां एसी, गीजर, आरामदायक बेड और सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर ठहरने की व्यवस्था की गई है. ताकि पर्यटक प्रकृति के बीच भी आरामदायक समय बिता सकें. यहां ठहरने के लिए 1500 और 1800 रुपये में कमरे उपलब्ध हैं. इन हाउस की बुकिंग पलामू टाइगर रिजर्व की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है. वहीं, बेतला पार्क के रिसेप्शन काउंटर पर भी बुकिंग की सुविधा दी गई है.

यहां मिलेगा मनचाहा भोजन

यहां पर्यटकों के लिए रेस्टोरेंट की भी बेहतरीन सुविधा उपलब्ध है, जहां लोग अपनी पसंद का मनचाहा भोजन कर सकते हैं. रेस्टोरेंट संचालक शिव बचन कुमार ने बताया कि यहां शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के व्यंजन परोसे जाते हैं. वेज थाली में चावल, दाल, सलाद, पापड़ और चार तरह की चटनी दी जाती है, जिसकी कीमत मात्र 80 रुपये है. वहीं, नॉनवेज खाने वालों के लिए 120 रुपये की थाली उपलब्ध है, जिसमें दो पीस चिकन, चावल, सलाद, पापड़ और चार प्रकार की चटनी शामिल रहती है. इसके अलावा पर्यटकों की मांग पर शेख कबाब और पनीर कबाब जैसी खास डिश भी तुरंत तैयार कर परोसी जाती है. इस रेस्टोरेंट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां हर भोजन ताजा बनाकर दिया जाता है. ग्राहक जो ऑर्डर करते हैं, उसे तुरंत तैयार किया जाता है.

यहां है पलामू का ऐतिहासिक किला

इस मड हाउस ट्री हाउस की सबसे खास बात यह है कि सैलानियों को मोर के साथ वक्त बिताने और उन्हें करीब से देखने का मौका मिलता है. जो इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देता है. परिसर में झूले लगाए गए हैं और बैठने के लिए भी आकर्षक व्यवस्था की गई है, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ सुकून भरा समय बिता सकते हैं. घूमने-फिरने की बात करें तो बेतला में जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव लिया जा सकता है. इसके अलावा ऐतिहासिक पलामू किला घूम सकते हैं. जहां इतिहास की झलक देखने को मिलती है. कमलदह झील भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है. जहां कभी रानियां स्नान किया करती थीं. इसके साथ ही केचकी संगम, बरवाडीह पहाड़ समेत कई खूबसूरत स्थलों का आनंद भी लिया जा सकता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img