Last Updated:
गर्मी आते ही बाजारों में आम की खुशबू और स्वाद दोनों छा जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कच्चा और पका आम सिर्फ स्वाद नहीं बल्कि सेहत का भी सुपरफूड है? जानिए डाइटीशियन से इसके जबरदस्त फायदे…
गर्मियों की शुरुआत होते ही बाजारों में आम की मिठास घुलने लगती है. फलों का राजा कहा जाने वाला आम अब फरीदाबाद की मंडियों में भी पहुंच चुका है और लोगों की थालियों में अपनी खास जगह बना रहा है. कोई कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी का आनंद ले रहा है तो कोई पके आम के रसदार स्वाद का मजा ले रहा है. तेज धूप और लू के बीच कच्चे आम से बना पन्ना लोगों को राहत देता है, जबकि पके आम शरीर को ऊर्जा से भर देते हैं.

लोकल18 से बातचीत में सर्वोदय हॉस्पिटल फरीदाबाद की चीफ डाइटीशियन डॉ. मीना कुमारी बताती हैं कि कच्चा और पका आम दोनों ही अपने-अपने तरीके से सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं. गर्मियों की शुरुआत में आने वाला कच्चा आम अक्सर चटनी और आम पन्ना के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. यह स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, साथ ही लू से बचाने में भी मदद करता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए लाभकारी होता है.

डॉ. मीना के अनुसार, कच्चे आम का पन्ना शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और शरीर को ठंडक पहुंचाता है. गर्मियों में यह डिहाइड्रेशन और लू से बचाव में भी अहम भूमिका निभाता है, जिससे त्वचा भी सुरक्षित रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वहीं दूसरी ओर, पका आम भी पोषण से भरपूर होता है. इसमें प्राकृतिक शुगर पाई जाती है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देती है. इसमें मौजूद विटामिन A आंखों की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है. जो लोग दुबले-पतले हैं, उनके लिए पका आम वजन बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है. इसलिए इसे सीमित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है.

डॉ. मीना यह भी सलाह देती हैं कि घर पर बना मैंगो शेक ज्यादा सुरक्षित और हेल्दी विकल्प है. बाहर मिलने वाले मैंगो शेक में अक्सर अतिरिक्त चीनी और प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. कई बार ये शेक लंबे समय तक स्टोर किए जाते हैं, जिससे इनके स्वाद और गुणवत्ता पर असर पड़ता है.

इसलिए गर्मियों में आम का सेवन जरूर करें, लेकिन संतुलित मात्रा और सही तरीके से करें. कच्चा हो या पका, दोनों ही रूपों में आम न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होता है. बस जरूरत है सही चुनाव और सही सेवन की, ताकि आप इस गर्मी में स्वाद और स्वास्थ्य दोनों का पूरा आनंद ले सकें.





