Last Updated:
Palamu Baigan Belia Resort: पलामू के मेदिनीनगर के पास बन्दुआ गांव में बैगन बेलिया रिजॉर्ट का स्विमिंग पूल गर्मी में लोगों की पसंद बना हुआ है. यहां आप 200 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से आनंद उठा सकते हैं. आइये जानते हैं इसके खुलने का समय क्या है.
पलामू : गर्मी की छुट्टियों में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के लिए नई जगहों की तलाश करते हैं. ऐसे में पलामू जिले में ठंडक और सुकून पाने के लिए स्विमिंग पूल एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभर रहा है. शहर की चिलचिलाती धूप और गर्मी से दूर खुले वातावरण में पानी का आनंद लेना लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है. यहां का शांत माहौल, हरियाली और ठंडा पानी गर्मी में राहत देने का काम करती है.
पलामू जिला मुख्यालय के मेदिनीनगर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर चैनपुर प्रखंड के बन्दुआ गांव में बैगन बेलिया नामक रिजॉर्ट है. यहां 40/80 फीट का बड़ा स्विमिंग पूल बनाया गया है. जहां लोग स्विमिंग का आनंद ले सकते हैं. परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले लोगों के लिए यह जगह खास बनती जा रही है. खुले आसमान के नीचे लोग नहाने के साथ-साथ तस्वीरें भी खिंचवाते नजर आते हैं.
200 रुपये प्रति घंटे है शुल्क
इस स्विमिंग पूल का उपयोग करने के लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये प्रति घंटे का शुल्क निर्धारित किया गया है. रिजॉर्ट में साफ-सुथरे चेंजिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे परिवार के साथ आने वालों को कोई परेशानी नहीं होती है. यहां आने वाले लोगों को फिलहाल अपना स्विमिंग कॉस्ट्यूम खुद लाना होता है.
जानें रिजॉर्ट खुलने का समय
रिजॉर्ट सुबह 8 बजे से खुल जाता है. शाम 7 बजे तक एंट्री की सुविधा रहती है. लोग अपनी सुविधा के अनुसार समय तय कर यहां पहुंच सकते हैं. रिजॉर्ट परिसर में बड़ा घास का मैदान, अलग-अलग तरह के पेड़-पौधे और खूबसूरत डिजाइन में सजाए गए प्लांट देखने को मिलते हैं, जो जगह को और आकर्षक बनाते हैं. यहां आने वाले लोग साइक्लिंग का भी आनंद उठा सकते हैं.
स्विमिंग से पहले पालन करना होता है नियम
स्विमिंग करने से पहले यहां कुछ नियमों का पालन करना होता है. सबसे पहले चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने होते हैं, इसके बाद बाथरूम में साबुन से स्नान करना अनिवार्य है. इसके बाद ही स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर पूल में प्रवेश की अनुमति दी जाती है. इससे स्विमिंग पूल की साफ-सफाई और पानी की गुणवत्ता बनी रहती है.
पर्यटकों को पसंद आ रहा स्थान
वहीं, घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि यह जगह पलामू जिले में अलग अनुभव देती है. शांत वातावरण, पहाड़ों की वादियां, साफ-सफाई और ठंडा पानी लोगों को आकर्षित कर रहा है. गर्मी के मौसम में यह रिजॉर्ट परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए लोगों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें





