Last Updated:
Donald Trump Nobel Peace Prize: नोबल पीस प्राइज का नाम आते ही इस पुरस्कार पर पिछले साल हुआ विवाद याद आ जाता है. किस तरह डोनाल्ड ट्रंप को पुरस्कार की उम्मीद थी और इसकी घोषणा होते ही वो बिफर पड़े थे. एक बार फिर इसके नॉमिनेशन हो चुके हैं, तो क्या इस बार अक्टूबर में ट्रंप की मुराद पूरी हो जाएगी?
‘ट्रंप की मुराद होगी पूरी?
दुनिया भर में जारी तनाव और संघर्षों के बीच 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बार कुल 287 उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी संभावित तौर पर शामिल बताया जा रहा है. नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी के सचिव क्रिस्टियन बर्ग हार्पविकेन ने कहा कि इस साल 208 व्यक्ति और 79 संगठन नामांकित हुए हैं, और पिछले साल की तुलना में कई नए नाम सूची में जुड़े हैं. अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी इस सूची में है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंबोडिया, इजराइल और पाकिस्तान के नेताओं ने ट्रंप को इस पुरस्कार के लिए नामित करने का दावा किया है. हालांकि, यह स्पष्ट कर दिया गया है कि किसी का नामांकन होना, पुरस्कार मिलने की गारंटी नहीं होता. दरअसल, नोबेल फाउंडेशन के नियमों के अनुसार सभी नामांकन और उनसे जुड़े दस्तावेज 50 वर्षों तक गोपनीय रखे जाते हैं ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और स्वतंत्र बनी रहे. इसलिए यह आधिकारिक तौर पर पुष्टि करना संभव नहीं है कि ट्रंप वास्तव में नामांकित हैं या नहीं.
ट्रंप के नाम के चर्चे शुरू
हार्पविकेन ने एक इंटरव्यू में कहा कि हर साल उम्मीदवारों की सूची में काफी बदलाव होता है और यही बात उन्हें सबसे ज्यादा चौंकाती है. उन्होंने यह भी माना कि दुनिया में बढ़ते संघर्षों के बावजूद नोबेल शांति पुरस्कार की अहमियत कम नहीं हुई है, बल्कि ऐसे समय में इसकी जरूरत और भी बढ़ जाती है. पिछले वर्ष डोनाल्ड ट्रंप ने खुद कई बार कहा था कि उन्हें नोबल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ था. इस बार फिर चर्चे शुरू हो गए हैं. इधर सट्टा बाजार की कंपनियों ने भी ट्रंप को लेकर दिलचस्प संकेत दिए हैं. ब्रिटेन की मशहूर बेटिंग कंपनी William Hill के मुताबिक ट्रंप को लेकर खूब सट्टे लग रहे है. हालांकि यह केवल अनुमान है, आधिकारिक निर्णय नहीं.
कब होना है पुरस्कारों का ऐलान?
नोबेल शांति पुरस्कार 2026 के विजेता की घोषणा 9 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित होगा. आपको बता दें इससे पहले अमेरिका के चार राष्ट्रपति- थियोडोर रूजवेल्ट, वुडरो विल्सन, जिमी कार्टर और बराक ओबामा को यह सम्मान मिल चुका है, जबकि उपराष्ट्रपति अल गोर को भी यह पुरस्कार मिल चुका है. ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि उनका दूसरा कार्यकाल खत्म होने से पहले ये उपाधि उनके नाम के साथ जुड़ जाए. पिछली बार नॉर्वे के राष्ट्राध्यक्ष से वे काफी नाराज भी हो गए थे. ऐसे में इस बार भी अटकलों का बाजार गर्म है.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें





