भारतीय क्रिकेटर और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की पूर्व पत्नी नताशा स्टेनकोविक मूल रूप से सर्बिया की रहने वाली हैं. उनका जन्म सर्बिया के पोजारेवाक शहर में हुआ था. भारत में उन्हें हार्दिक पांड्या के साथ अपने रिश्ते की वजह से काफी पहचान मिली, लेकिन उनका होम कंट्री सर्बिया अपने आप में बेहद दिलचस्प है. यूरोप में स्थित यह देश अपनी ऐतिहासिक विरासत, खूबसूरत पहाड़ों, नदियों और पुराने शहरों के लिए जाना जाता है.
यूरोप के बीच बसा है सर्बिया
सर्बिया दक्षिण-पूर्वी यूरोप के बाल्कन क्षेत्र में स्थित है. यहां पुराने यूरोपीय शहरों के साथ मॉर्डन कैफे, रेस्तरां और सांस्कृतिक जगहें भी देखने को मिलती हैं. देश की राजधानी बेलग्रेड खास तौर पर अपनी नाइटलाइफ, आर्ट और इतिहास के लिए जानी जाती है. यह शहर सावा और डेन्यूब नदियों के संगम पर बसा है. यहां बेलग्रेड फोर्ट्रेस, म्यूजियम, रिवरफ्रंट और कई कैफे टूरिस्टों को आकर्षित करते हैं.
बेलग्रेड के अलावा भी बहुत कुछ
सर्बिया घूमने का मतलब सिर्फ राजधानी देखना नहीं है. देश में कई खूबसूरत पहाड़ी और प्राकृतिक इलाके हैं. सर्बिया में पांच नेशनल पार्क हैं, जिनमें तारा, कोपाओनिक, फ्रूश्का गोरा, डजेरडाप और शार माउंटेन शामिल हैं. इन जगहों पर जंगल, पहाड़, नदियां और अलग-अलग तरह के वन्यजीव देखने को मिलते हैं.
तारा नेशनल पार्क है प्रकृति प्रेमियों के लिए खास
तारा नेशनल पार्क सर्बिया के सबसे खूबसूरत प्राकृतिक इलाकों में गिना जाता है. यह ड्रिना नदी की घाटी के पास स्थित है और घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और शानदार नजारों के लिए जाना जाता है. यहां से ड्रिना नदी और पेरुचाक झील के खूबसूरत दृश्य देखे जा सकते हैं. तारा में करीब 300 किलोमीटर के चिह्नित पर्वतीय ट्रेल भी हैं, इसलिए हाइकिंग और नेचर ट्रिप पसंद करने वालों के लिए यह जगह काफी खास है.
पहाड़ और एडवेंचर भी हैं यहां
सर्बिया के पहाड़ी इलाकों में कोपाओनिक और ज्लाटिबोर काफी लोकप्रिय हैं. कोपाओनिक देश के प्रमुख माउंटेन डेस्टिनेशन में शामिल है और सर्दियों में यहां स्कीइंग के लिए भी लोग पहुंचते हैं. वहीं ज्लाटिबोर लंबे समय से लोकप्रिय पर्यटन स्थल रहा है. यहां हरे-भरे पहाड़ों और खुले प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया जा सकता है.
भारत से सर्बिया जाने का खर्च
भारत से सर्बिया घूमने जाने में 7 दिन के लिए लगभग ₹1 लाख से ₹1.5 लाख प्रति व्यक्ति का खर्च आ सकता है. इसमें रिटर्न फ्लाइट ₹55,000–₹90,000, होटल ₹21,000–₹49,000, खाना ₹7,000–₹14,000, लोकल ट्रांसपोर्ट और घूमने का खर्च ₹5,000–₹10,000 तथा वीज़ा व अन्य खर्च शामिल हैं. अगर बजट में यात्रा करें तो करीब ₹1 लाख में ट्रिप हो सकती है, जबकि अच्छे होटल और ज्यादा घूमने पर खर्च ₹1.5 लाख से ऊपर जा सकता है.
भारत से सर्बिया जाने का रास्ता
भारत से सर्बिया जाने के लिए सबसे आसान और सुविधाजनक तरीका फ्लाइट है. आप दिल्ली, मुंबई या किसी बड़े शहर से बेलग्रेड के लिए फ्लाइट ले सकते हैं, जिसमें आमतौर पर किसी दूसरे देश में कनेक्शन होता है. यात्रा से पहले भारतीय पासपोर्ट के लिए जरूरी वीज़ा और दस्तावेज पूरे कर लेना चाहिए.




