Last Updated:
US Forest Fire: अमेरिका की आग अब 2500 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैल चुकी है, जिससे हजारों लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए हैं. कई इलाकों में लेवल-2 और लेवल-3 इवैक्यूएशन लागू है. 13000 से ज्यादा घरों की बिजली बाधित हो गई है और करीब 5000 इमारतों पर खतरा मंडरा रहा है. आग बुझाने के लिए फायरफाइटर्स और नेशनल गार्ड की टीमें जुटी हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
अमेरिका के वॉशिंगटन में बढ़ी जंगल की आग. (रॉयटर्स)
अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के स्पोकेन काउंटी में लगी जंगल की आग लगातार विकराल होती जा रही है. आग तेजी से फैलते हुए 2,500 एकड़ से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है और जंगल से उठते धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहे हैं. हालात को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि फायरफाइटर्स दिन-रात आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनकी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो आग से प्रभावित हुए हैं और उन राहतकर्मियों के साथ भी हैं जो अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में लगे हैं.
स्पोकेन काउंटी फायर डिस्ट्रिक्ट 9 के मुताबिक तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति अगर ऐसी ही बनी रही, तो आग पर काबू पाना और चुनौतीपूर्ण हो सकता है. वॉशिंगटन के गवर्नर ने प्रभावित इलाकों के लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की. इस आग को शुरुआत में ‘यूक्लिड फायर’ नाम दिया गया था, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर ‘ओल्ड ट्रेल्स फायर’ कर दिया गया.
आग पर काबू पाने में जुटीं टीमें
फायर विभाग के मुताबिक शनिवार रात तक यह आग 2000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैल चुकी थी. इसके अलावा इलाके में ‘फेयरव्यू फायर’ लगभग 979 एकड़ और ‘मीडोव्यू फायर’ करीब 500 एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी है. बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में लेवल-2 और लेवल-3 इवैक्यूएशन ऑर्डर जारी किए हैं. इन आदेशों के तहत हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्पोकेन काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें. राज्य सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया है. आग बुझाने के लिए वॉशिंगटन नेशनल गार्ड के जवानों को भी तैनात किया जा रहा है. वहीं दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं.
आग की चपेट में 4.25 लाख एकड़ जमीन
आग का असर केवल जंगलों तक सीमित नहीं है. इसके कारण 13000 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जबकि करीब 5000 इमारतों पर आग का खतरा मंडरा रहा है. राज्य के पब्लिक लैंड्स कमिश्नर की मानें तो वॉशिंगटन राज्य इस समय कम से कम 10 बड़ी जंगल की आग से जूझ रहा है. वर्ष 2026 में अब तक 4.25 लाख एकड़ से अधिक भूमि आग की चपेट में आ चुकी है. लगातार बढ़ती आग और शुष्क मौसम ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, जबकि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है.बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में लेवल-2 और लेवल-3 इवैक्यूएशन ऑर्डर जारी किए हैं. इन आदेशों के तहत हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्पोकेन काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें. राज्य सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया है.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ें




